छोटी बहन से तकरार के बाद एक युवती ने कमरे में पंखे से लटक कर आत्महत्या कर ली। परिजनों ने किसी तरह शव को बाहर निकाला। पुलिस क्षेत्राधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा।
बनियाठेर थाना क्षेत्र के नरौली कस्बे के मुहल्ला तेलीवाला में सगीर खां की बेटी रूबिया (18) का शनिवार की शाम को अपनी छोटी बहन से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। छोटी बहन ने कोई ऐसी बात कह दी, जो रुबिया के दिल को लग गई। उसने आक्रोश में आकर अपना कमरा बंद किया।
कपड़े से फंदा बनाकर पंखे पर लटक कर आत्महत्या कर ली। कुछ देर तक रूबिया बाहर नहीं निकली तो परिजनों ने आवाज लगाई लेकिन कोई आवाज नहीं आई तो दरवाजा बलपूर्वक खोला गया। अंदर रुबिया पंखे से लटकी मिली। शीघ्रता से उसे उतारा गया लेकिन उसकी मौत हो चुकी थी।
सूचना पर बनियाठेर थानाध्यक्ष प्रवीण सोलंकी, सीओ ओमकार यादव भी मौके पर पहुंचे। सीओ ने बताया कि परिजनों ने छोटी बहन से तकरार के बाद रुबिया द्वारा आत्महत्या किए जाने की बात बताई है। ब्यूरो