जिला अस्पताल में हादसे में युवक की मौत के बाद बिलखते परिजन। संवाद
- फोटो : samvad
संभल। हसनपुर मुनजब्ता मार्ग पर टीले के पास बुधवार की शाम करीब 4:30 बजे दो बाइकों में भिड़ंत हो गई। हादसे में रायसत्ती थाना क्षेत्र के गांव मंडलाई निवासी अजय (20) की मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त लाभ सिंह घायल हो गया। हादसे के बाद आरोपी युवक बाइक लेकर भाग निकले। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को उपचार के लिए अस्तपाल में भर्ती कराया।
गांव मंडलाई निवासी प्रेम ने बताया कि उनका बेटा अजय मुरादाबाद में मोबाइल की दुकान पर काम करता था। बुधवार को अजय अपने दोस्त लाभ सिंह के साथ किसी काम से हसनपुर मुनजब्ता गांव गए थे। वहां से दोनों संभल जा रहे थे। रास्ते में टीले के पास उनकी बाइक में दूसरे बाइक सवार ने टक्कर मार दी और मौके से भाग गए। हादसे में दोनों युवक घायल हो गए।
बताया कि किसी राहगीर की सूचना पर वह मौके पर पहुंचे। साथ ही पुलिस भी पहुंच गई और दोनों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में लेकर पहुंचे, जहां पर डॉक्टरों ने अजय को मृत घोषित कर दिया। कोतवाल गजेंद्र सिंह ने बताया कि दूसरी बाइक सवारों की तलाश की जा रही है। तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।