प्रेम प्रसंग के चलते गांव मछखेड़ा में एक युवक की हत्या कर दी गई। गांव के संपर्क मार्ग पर युवक की लाश पड़ी मिली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना की जांच-पड़ताल के बाद पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस दौरान ग्रामीणों की भीड़ लगी रही। मृतक के पिता की तहरीर पर थाना पुलिस ने पिता-पुत्र के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
शनिवार दोपहर तकरीबन एक बजे थाना क्षेत्र के गांव मछखेड़ा और बहापुर पट्टी संपर्क मार्ग पर लोगों ने खून से लथपथ लाश देखी। पास ही एक तमंचा और एक कारतूस पड़ा हुआ था। लाश मिलने की सूचना जल्द ही पूरे गांव में फैल गई। वहां पहुंचे लोगों ने युवक की शिनाख्त गांव मछखेड़ा निवासी 22 वर्षीय अमित उर्फ नन्हे पुत्र ओमपाल के तौर पर की।
सूचना मिलने पर परिजन भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस बुला ली गई। कोतवाल सुनील अहलावत भी पुलिसफोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए और घटना की जांच-पड़ताल की। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
मृतक के पिता ओमपाल की तहरीर पर गांव के ही पिता-पुत्र के खिलाफ हत्या की एफआईआर दर्ज कराई गई है। एफआईआर में मृतक के पिता ने बताया कि आरोपी की बेटी के साथ उसके बेटे का प्रेम प्रसंग चल रहा था, जो दोनों को नागवार गुजर रहा था।
आरोप है कि, इसी के चलते शनिवार को पूर्वाह्न 11 बजे उसके बेटे को बुलाकर अपने साथ ले गए और बाद में गांव बहापुर पट्टी और मछखेड़ा के बीच गोली मारकर हत्या कर दी। कोतवाल ने बताया कि मृतक के पिता की तहरीर पर गांव के ही पिता-पुत्र के खिलाफ प्रेम प्रसंग के चलते युवक की हत्या करने के मामले की एफआईआर दर्ज की गई है।
घटनास्थल से एक तमंचा 315 बोर नाल में खोखा फंसा हुआ और एक कारतूस बरामद किए गए हैं। आरोपी फरार हैं। गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।