सिरसी (संभल)। संभल-मुरादाबाद मार्ग पर सिरसी के नजदीक रेलवे क्रॉसिंग पर गहरे गड्ढे सही करने के लिए बृहस्पतिवार की देर रात तक संभल-मुरादाबाद मार्ग बंद रहा। इस दौरान राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
हल्के छोटे वाहन और मोटर साइकिल तो गांव मखदूमपर के रास्ते से होते हुए सिरसी के अंदर से सिरसी बिलारी मार्ग पर निकले। कुछ छोटे वाहन फुलसिंहा होते हुए सिरसी रेलवे क्रॉसिंग के करीब निकले। बड़े वाहनों को असमोली मार्ग की ओर भेजा गया। बृहस्पतिवार को दिनभर यात्री परेशान रहे और इधर-उधर भटकते रहे। कच्चे रास्ते से निकलकर संभल-मुरादाबाद मार्ग पर निकले। मुरादाबाद के लिए रोडवेज बस रेलवे क्रॉसिंग से ही संचालित की गईं। संभल की ओर को जाने वाले यात्री ई-रिक्शा से संभल पहुंचे। कई सौ वाहन इस मरम्मत कार्य के दौरान प्रभावित हुए। सिरसी के नजदीक रेलवे क्रॉसिंग पर गहरे और बड़े गड्ढे होने से हादसों का हर समय अंदेशा था। इसको देखते हुए रेलवे की ओर से यह मरम्मत कराई गई है।