बबराला (संभल)। गुन्नौर थाना क्षेत्र के गांव बाघऊ में शुक्रवार को रास्ते के विवाद को लेकर दो पक्षों में पथराव हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस पर एक भी पक्ष की महिलाओं ने कच्ची मिट्टी के ढेले फेंके। पुलिस ने इस मामले में पांच महिलाओं सहित नौ लोगों को हिरासत में लिया है।
बबराला के निकट स्थित गांव बाघऊ में नवलेश की जमीन है। उसकी जमीन के पीछे गांव के ही प्रेमपाल व उसके भाइयों की जमीन है। शुक्रवार को निर्माण करने को लेकर दोनों पक्ष आमने सामने आ गए। दोनों ओर से मिट्टी के ढेले फेंकने शुरू कर दिए। प्रेमपाल पक्ष की महिलाएं भी विवाद में सामने आ गईं। नवलेश ने मामले की सूचना पुलिस को दी।
इसके बाद बबराला चौकी इंचार्ज भी मौके पर पहुंच गए। महिलाएं पुलिस के सामने आ गईं और मिट्टी के ढेले पुलिस पर फेंकने शुरू कर दिए। पुलिसकर्मी से भागकर दूर चले और कोतवाली सूचना देकर अतिरिक्त पुलिसबल बुलवाया। बाद में पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों के नौ लोगों को हिरासत में ले लिया। इनमें से पांच महिलाएं भी शामिल हैं। चौकी इंचार्ज अजीत सिंह ने पथराव होने पर कोतवाली से पुलिस फोर्स बुला ली। पथराव के आरोप में चार महिलाओं सहित नौ लोगों को हिरासत में लिया गया है।
सीओ गुन्नौर। राकेश कुमार सिंह ने कहा कि गांव में मामूली विवाद था। एक पक्ष की महिलाएं आगे आ गईं थीं। आरोपी हिरासत में लिए गए हैं, उनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।