गुन्नौर (संभल)। प्रसव के कुछ घंटे बाद महिला की मौत हो गई। परिजनों ने प्रसव करने वाले झोलाछाप पर गलत उपचार का आरोप लगाया। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने क्लीनिक सील कर दिया।
जुनावई के गांव करियाखेड़ा निवासी भीमसेन की पत्नी सिरिया को प्रसव पीड़ा हुई। परिजन उसे गुन्नौर के आरके नर्सिंग होम में लेकर आए। यहां महिला ने बच्चे को जन्म दिया। इसके बाद परिजन महिला को घर ले गए। आरोप है कि घर जाते ही महिला की मौत हो गई। इसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। साथ ही झोलाछाप पर कार्रवाई की मांग की। मंगलवार को झोलाछाप के नोडल डॉ. विरास यादव, सीओ डॉ. प्रदीप कुमार की अगुवाई में आरके नर्सिंग होम पहुंचे। संचालक से डिग्री और आवश्यक दस्तावेज दिखाने को कहा, लेकिन वह चिकित्सा संबंधित कोई कागज नहीं दिखा पाया। इसके बाद अस्पताल को सील कर दिया गया।