संभल जिले में मुरादाबाद-आगरा हाईवे पर धनारी थाना क्षेत्र में हुए हादसे के बाद रोडवेज बस में सीटें
- फोटो : CHANDAUSI
चंदौसी। संभल जिले के आगरा-मुरादाबाद हाईवे पर धनारी के पास हादसे का शिकार हुई अनिला के लिए यह आखिरी सफर साबित हुआ। वह बुलंदशहर के जहांगीराबाद में अपनी बेटी को देखने जा रही थी। हादसे में मौत होने के बाद महिला की अपनी बेटी का हालचाल जानने की इच्छा अधूरी रह गई।
बहजोई के मोहल्ला रेलवे फाटक निवासी महिला अनिला वार्ष्णेय की चार पुत्रियां हैं। इसमें तीन पुत्रियों की शादी हो चुकी है व एक पुत्री माधवी अविवाहित है। माधवी ने बताया कि उसकी बड़ी बहन की शादी बुलंदशहर के जहांगीराबाद में हुई है। वह कुछ दिन पहले गर्म पानी से झुलस गई थी। जिसका उपचार वहां चिकित्सक द्वारा कराया जा रहा था।
पुत्री के विषय में जानकारी होने के बाद बुधवार की सुबह महिला अनिला वार्ष्णेय अकेली ही अपनी पुत्री का हालचाल लेने रोडवेज बस से बुलंदशहर जा रही थी। माधवी ने बताया कि उसकी मां अनिला वार्ष्णेय बुधवार की सवेरे ही बड़ी बेटी को देखने के लिए तैयार होकर रोडवेज बस में सवार हो गई। रोडवेज बस जब आगरा-मुरादाबाद हाईवे स्थित धनारी के पास पहुंची तो हादसे का शिकार हो गई। उन्हें क्या पता था कि बेटी से मिलने की तमन्ना पूरी नहीं हो पाएगी।