संभल। चंदौसी चौराहे के चौड़ीकरण का कार्य तेजी से चल रहा है। नाले का आधार तैयार हो चुका है और अब पिलर का काम होना है। इस नाले के ऊपर पुलिया बॉक्स बनाकर कवर किया जाएगा। जिसके ऊपर वाहनों की आवाजाही होगी।
शासन ने चंदौसी चौराहे के चौड़ीकरण को लेकर 62 लाख रुपये का बजट स्वीकृत किया है। चौराहे से बिजली लाइन और ट्रांसफार्मर शिफ्टिंग के लिए बिजली निगम को जुलाई में 10.80 लाख रुपये और नवंबर में 4.56 लाख रुपये का भुगतान किया जा चुका है। चौराहे के चौड़ीकरण के लिए रोडवेज बस अड्डे की तरफ नाले पर काम चल रहा है। इस नाले के ऊपर पुलिया बॉक्स बनाया जाना है। यह कार्य करीब 65 मीटर क्षेत्र में होना है। पीडब्ल्यूडी ने कार्य को रफ्तार दी है।
एक्सईएन सुनील प्रकाश ने बताया कि नाले का आधार तैयार हो चुका है। पिलर खड़े किए जा रहे हैं। नाले के ऊपर बड़े-बड़े स्लैब डालकर उसे पुलिया बॉक्स के रूप में तैयार किया जाएगा। जिसके ऊपर वाहनों की आवाजाही होगी। उन्होंने बताया कि पानी निकासी के लिए भी कोई दिक्कत नहीं आएगी क्योंकि नाले में पानी बहता रहेगा। बताते चलें कि चौराहे के चौड़ीकरण कार्य से जाम की समस्या से निजात मिलेगी और आवागमन सुचारु रूप से चलेगा।