चंदौसी। मोहल्ला लक्ष्मण गंज में नाले की खोदाई के दौरान मैरिज हॉल छज्जा पिलर सहित गिर गया। हादसे में मोहल्ला निवासी युवक परवेज (23), बालक अरशद (11) चोटिल हो गए। लोगों ने एकत्र होकर विरोध जताया तथा ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
चंदौसी के मोहल्ला लक्ष्मण गंज में दिलशाद मैरिज हॉल के पास नाले की खुदाई हो रही है। सोमवार की शाम करीब सात बजे अचानक मैरिज हॉल का आगे का पिलर व छज्जा गिर गया। हादसे में मोहल्ला वारिसनगर निवासी माजिद का बेटा अरशद नीचे दब गया। छज्जा गिरते देखकर पास में खड़े वारिसनगर निवासी परवेज ने उसे बचाने की कोशिश की। वह भी पिलर के नीचे आ गया। आसपास के लोगों ने दोनों को मलबे के नीचे से निकाला। दोनों को निजी चिकित्सक से इलाज कराया। इस दौरान वहां खडे़ लोग आक्रोशित हो उठे। उन्होंने ठेकेदार के खिलाफ नारेबाजी की और कार्रवाई की मांग की।
आवास विकास कॉलोनी निवासी शैलेंद्र पाल सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका बेटा मयंक गैस गोदाम रोड पर जज साहब की धर्मशाला के पास कोचिंग सेंटर पर पढ़ने जाता है। सोमवार को कोचिंग में किसी ने पीछे से पेपर फेंक कर मार दिया। इसको बात कोचिंग में बैठे दूसरे छात्र ने गाली गलौज कर दी। विरोध करने पर मयंक के साथ अन्य छात्रों ने मारपीट की। आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी दी। तहरीर देकर आरोपी छात्रों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।