संभल। शहर के सभी बाजार बुधवार को खुल गए। लोगों की चहलकदमी भी बढ़ गई। हालांकि दुकानदारों का कहना है कि नवंबर में शादियाें का सीजन चल रहा है। बवाल ने पूरे कारोबार को प्रभावित कर दिया है। जैसे त्योहारी सीजन में अच्छा कारोबार हुआ था इसी तरह शादियों के सीजन में भी उम्मीद थी लेकिन इस समय बाजार में न रौनक है और न काम ही है।
जामा मस्जिद के सर्वे के रविवार की सुबह बवाल हो गया था। भीड़ और पुलिस की झड़प में पांच लोगों की जान गई थी। इसके बाद दो दिन तक बाजार में बंद रहा। बुधवार को लगभग सभी दुकानें खुल गईं। बाजार तो खुला लेकिन ग्राहकों से आने वाली रौनक नहीं दिखाई दी। एएसपी श्रीश्चंद्र ने फोर्स के साथ कई स्थानों पर पैदल गश्त की और लोगों से शांतिपूर्ण माहौल में सहयोग करने की अपील की। अब सामान्य दिनचर्या लोगों की बन रही है लेकिन पुलिस की चौकसी बरकरार है। दो कंपनी पीएसी और दो कंपनी आरएएफ की लगी हैं। इसके अलावा मंडल भर के थानों की फोर्स को चौकसी पर लगाया गया है।
00
इस समय शादियों का सीजन चल रहा है। जूते-चप्पलों की खूब बिक्री चल रही थी। अचानक से शहर का माहौल बिगड़ गया। इससे ग्रामीण क्षेत्र के ग्राहक आने बंद हो गए। शहर के लोग भी कम आ रहे हैं। हालात सामान्य हो जाएं तो कारोबार रफ्तार पकड़े। -नसीम, दुकानदार, संभल
00
शादियों का सीजन है और ऑर्डर काफी रहते हैं। अब रविवार से ऑर्डर की संख्या कम हो गई। शादियों में सबसे ज्यादा फ्रीज, वाशिंगमशीन और अन्य उपकरण ज्यादा दिए जाते हैं। इस बार अच्छा कारोबार चल रहा था। लेकिन बवाल का असर सीधे कारोबार पर पड़ा है। हालात सुधरें तो कारोबार भी सुधरेगा। -राजीव कुमार, दुकानदार, संभल
00
शहर में चौकसी लगातार बरती जा रही है। ड्यूटी अलग अलग प्वाइंट पर लगी है। पैदल गश्त कर लोगों से शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने में सहयोग की अपील की जा रही है। -श्रीश्चंद्र, एएसपी, संभल