चंदौसी। कभी बारिश तो कभी तेज धूप के कारण लगातार मौसम बदल रहा है। इससे लोग वायरल बुखार, खांसी - जुकाम व बदन दर्द के अलावा कई तरह की मौसमी बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं।। सीएचसी की ओपीडी में हर रोज 200 से ज्यादा ऐसे मरीज पहुंच रहे हैं। वहीं, चिकित्सक की ओर से सीएचसी की पैथोलॉजी लैब में मलेरिया, डेंगू व टायफाइड की जांचें कराई जा रही है। तापमान में उतार-चढ़ाव से लोग कई तरह की बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं। मंगलवार को सीएचसी में 1200 के करीब अपना उपचार कराने के लिए पहुंचे। इनमें ज्यादातर मरीज वायरल बुखार, सर्दी-खांसी, नेत्र संक्रमण के रहे। पर्ची काउंटर से लेकर चिकित्सक कक्ष के बाहर तक मरीजों को लंबी लाइन लगानी पड़ी।
सीएमएस डॉ. हरवेंद्र सिंह ने बताया कि मौसम में लगातार हो रहे बदलाव के कारण लोगों को मौसमी बीमारियां अपनी चपेट में ले रही है। सीएचसी में हर रोज 200 से ज्यादा वायरल बुखार, खांसी, गले में खराश, नेत्र संक्रमण के अलावा पेट रोगी पहुंच रहे हैं। ऐसे मरीजों को दवा के साथ- साथ सावधानी बरतने की सलाह दी जा रही है। साथ ही, उनकी मलेरिया, डेंगू व टायफाइड आदि की जांच भी करवाई जा रही है।
............
संक्रमण से बचने के लिए साफ - सफाई का ध्यान रखें।
ठंडी सामग्री, बाजार के भोजन, तले भोजन से बचें।
- बुखार-खांसी होने पर खुद को क्वारंटीन कर लें।
- स्वास्थ्य संबंधी समस्या होने पर तुरंत चिकित्सक से संपर्क करें।