बबराला के गांव फिरोजपुर में रेलवे ट्रैक पर बने अंडरपास में भरा पानी। संवाद
बबराला। थाना क्षेत्र के गांव फिरोजपुर स्थित रेलवे के अंडरपास से होकर निकलना मुश्किल हो गया है। काफी समय से अंडरपास में हुए जलभराव के कारण आम लोगों के साथ ही स्कूली बच्चों को आने-जाने में बेहद परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार यह अंडरपास वर्षों से जलभराव की चपेट में है। बरसात ही नहीं सभी मौसम में यहां पानी भरा रहने से दोपहिया व चार पहिया वाहन ही नहीं पैदल निकलने वालों को भी समस्या का सामना करना पड़ रहा है। इधर से होकर प्रतिदिन बड़ी संख्या में बच्चे बबराला में स्थित स्कूलों में पढ़ने जाते हैं, जो रेलवे लाइन को पैदल पार करते हैं। जिससे हादसे की आशंका बनी रहती है। इसी स्थान पर रेलवे लाइन पार करते समय कई छुट्टा पशु हादसे का शिकार हो चुके हैं।
गांव के रहने वाले रिंकू गिरि ने बताया कि अंडरपास में हर मौसम में गंदा पानी भरा रहता है, लेकिन रेलवे प्रशासन और संबंधित विभाग इसको लेकर गंभीर नहीं हैं। जीआरपी और आरपीएफ द्वारा गश्त तो की जाती है, लेकिन न तो पानी निकासी की कोई पहल की जाती है और न ही लोगों को रेलवे लाइन क्रॉस करने पर प्रभावी कदम उठाए जाते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि जनप्रतिनिधि भी कई बार समस्या के समाधान के दावे कर चुके हैं, लेकिन आज तक समस्या जस की तस है। लोगों ने मांग की है कि अंडरपास से पानी निकासी तत्काल व्यवस्था की जानी चाहिए।