संभल के चंदौसी रोड पर खेतों में पानी भरने पर तहसीलदार के खिलाफ प्रदर्शन करते किसान।
- फोटो : amar ujala
डहर का बांध टूटने से संभल के नूरियो सराय में करीब सौ बीघा खेत में पानी भर गया। इससे फसल तबाह होने का खतरा मंडरा रहा है। कुछ किसानों का कहना है कि, हमने मक्के की फसल बोई थी, उसके लिए यह पानी नुकसानदायक है। इससे आक्रोशित किसान एसडीएम के पास पहुंचे तो उन्हें सरकारी प्रक्रिया में फंसा दिया गया। तत्काल कोई राहत नहीं मिली। इससे किसानों में आक्रोश है। नाराज किसानों ने प्रदर्शन भी किया।
नगर पालिका परिषद सैफ खां सराय और नूरियोसराय के बीच चंदौसी रोड पर एक नाला बनवा रही है। नाला निर्माण की वजह से से पानी रोका गया है। रोके गए पानी को चंदौसी रोड स्थित डहर में डायवर्ट किया गया है। पानी डहर में उफना गया। इसके बाद वह बांध भी टूट गया जिसे मिट्टी डालकर किसानों ने बनाया था। बांध टूटने के बाद डहर का पानी खेतों में जा घुसा।
फसलें बर्बाद होने लगीं तो किसान एसडीएम के यहां पहुंच गए। किसानों ने बताया कि 80-90 बीघा खेत की फसलें बर्बाद हुईं हैं। मशरूर, हाजी असगर, इमाम बख्श, हाजी अमानत, युनुस, मोहम्मद उमर, राशिद, सत्तार, अताउल आदि किसानों की फसलें बर्बाद हुईं हैं। किसानों ने बताया कि वह अपनी समस्या लेकर एसडीएम के पास गए थे। एसडीएम ने तहसीलदार के लिए लिख दिया।
तहसीलदार केपास गए तो तहसीलदार ने कानून गो से कह दिया। कानून गो ने लेखपाल के पास भेज दिया। लेखपाल ने कहा कि पहले जाओ और पानी के भरने संबंधी फोटो लाओ। इस मामले में कोई राहत नहीं मिल सकी। इस संबंध में एसडीएम राशिद अली खां से बातचीत करने की कोशिश की गई, लेकिन उनका फोन नहीं उठ सका।