संभल। आधार कार्ड अपडेट कराने में लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कई-कई घंटे इंतजार के बाद भी अपडेशन नहीं हो रहा है। आलम यह है कि सुबह से दोपहर तक इंतजार के बाद भी नंबर नहीं आ रहा है। चूंकि आधार कार्ड अपडेट नहीं होने के कारण राशन कार्ड में यूनिट भी नहीं बढ़ पा रही हैं, ऐसे में लोग परेशान हैं। वहीं जिम्मेदार कहते हैं कि भीड़ ज्यादा होने की वजह से दिक्कत हो रही है।संभल में बैंक ऑफ बड़ौदा और यूनियन बैंक में आधार कार्ड अपडेट किए जा रहे हैं। शुक्रवार को दोपहर करीब 12 बजे यूनियन बैंक पर आधार कार्ड अपडेट कराने के लिए लोगों की भीड़ लगी थी। बैंक के बाहर लोग परेशान हाल खड़े हुए और बैठे हुए थे। बैंक में कर्मचारी आधार कार्ड अपडेट कर रहे थे लेकिन तमाम लोग घंटों से इंतजार करने के चलते परेशान थे। लोगों का कहना रहा कि आधार कार्ड अपडेट कराने के लिए सुबह आठ बजे से यहां खड़े हैं लेकिन नंबर नहीं आ रहा है। अभी और वक्त लगने की बात कही जा रही है।
कुछ लोगों को तो दूसरे दिन आने के लिए कह दिया गया है। आलम यह रहा कि लोग भूखे प्यासे आधार कार्ड अपडेट कराने के लिए दिक्कतों से जूझते हुए नजर आए। लोग अन्य जरूरी काम छोड़कर आए थे लेकिन निराश होना पड़ा।
वहीं निजी फर्म के आपरेटर मोहम्मद फैजी का कहना रहा कि एक आधार कार्ड अपडेट होने पर करीब पांच मिनट लग रहे हैं। रोजाना करीब 50 आधार कार्ड ही अपडेट हो पाते हैं। लोगों की भीड़ ज्यादा है, इसलिए दिक्कत हो रही है।
000000
शहर ही नहीं देहात के लोग परेशान
आधार कार्ड अपडेट कराने के लिए लोग दुश्वारियों से जूझ रहे हैं। शहर के मोहल्लों से ही नहीं बल्कि देहात के गांवों से भी तमाम लोग आधार कार्ड अपडेट कराने के लिए पहुंच रहे हैं। यह लोग घर के अन्य कार्यों को छोड़कर इस उम्मीद में आते हैं कि आधार कार्ड अपडेट हो जाएगा तो राहत मिल जाएगी। राशन कार्ड में यूनिट बढ़वाने के साथ ही अन्य कार्यों में आधार कार्ड की फोटो प्रति लगा देंगे लेकिन उम्मीद पूरी नहीं हो रही है। रोजाना बड़ी संख्या में लोग परेशान हो रहे हैं।
0000000
केंद्र बढ़ाए जाने पर कम हो सकती है समस्या
शहर में दो केंद्रों पर आधार कार्ड अपडेट किए जा रहे हैं। यूनियन बैंक और बैंक ऑफ बड़ौदा में कार्य चल रहा है। लोगों की जितनी भीड़ आ रही है, उससे काफी कम ही आधार कार्ड अपडेट रोजाना हो रहे हैं। अगर आधार कार्ड अपडेट करने के केंद्रों की संख्या बढ़ा दी जाए तो समस्या दूर हो सकती है। जिससे लोगों को भी राहत मिल सकेगी।
00000000000000
.सुबह आठ बजे से आधार कार्ड अपडेट कराने के लिए खड़ा हूं। चार घंटे होने पर भी नंबर नहीं आया है। आधार कार्ड अपडेट न होने से राशन कार्ड में यूनिट भी नहीं बढ़ पा रहे। -हसन, चौधरी सराय
000000
.आधार कार्ड अपडेट कराना है लेकिन कई घंटे बीतने के बाद भी नहीं हो सका है। आधार कार्ड अपडेट कराने के लिए कई काम छोड़कर आया हूं लेकिन समस्या हो रही है।
-वंश, महमूदपुर माफी
000000
.दो बच्चों के यूनिट राशन कार्ड में बढ़वाने हैं। इसके लिए आधार कार्ड अपडेट कराने के लिए आया हूं। लेकिन करीब चार घंटे होने पर भी नंबर नहीं आ सका है।
-छोटे लाल, सैंडा
000000
.बच्चों के आधार कार्ड अपडेट कराने में परेशानी हो रही है। घंटों से खड़े रहकर यहां इंतजार कर रही हूं। आधार कार्ड अपडेट नहीं हो सके तो फिर से आना पड़ेगा।
-नैना, महमूदपुर माफी