मासूम बेटा को भी चोट आई है। परिजन दोनों को लेकर संभल के निजी अस्पताल पहुंचे हैं। पुलिस को घटना की जानकारी नहीं है।
हतायतनगर थाना क्षेत्र के लधनपुर गांव में गुरुवार को रात्रि आठ बजे के करीब अचानक हादसा हुआ है। इस हादसे में रामसेवक पुत्र राधेश्याम का दाहिना हाथ उड़ गया। जबकि बाएं हाथ में भी घाव हो गए हैं। गंभीर अवस्था में परिजन उन्हें लेकर संभल के जिला अस्पताल में पहुंचे।
जिला अस्पताल में हालत गंभीर होने की वजह से उन्हें भर्ती नहीं किया गया। इसके बाद परिजन उन्हें निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। इस हादसे में रामसेवक का मासूम बेटा लकी जिसकी उम्र मात्र दो ढाई वर्ष है, घायल हुआ है। जब उसे डाक्टर के पास लाया गया तब उसकी आंखें नहीं खुल पा रही थीं। घटना के संबंध में थाना पुलिस को जानकारी नहीं है।
वहीं परिजनों ने जो जानकारी निजी अस्पताल के डाक्टर को दी है, उसके मुताबिक प्रेशर कुकर फटने से घर में हादसा हुआ है लेकिन जो लक्षण सामने आए हैं, उसके मुताबिक विस्फोटक सामग्री फटने से हादसा हुआ है। ऐसा माना जा रहा है कि हथोड़ी में गंधक पोटाश भरकर जानवर भगाने के लिए धमाका किए जाने के दौरान ही हथोड़ी फटने से हादसा हुआ है। हयातनगर के थाना प्रभारी ने बताया कि उन्हें अभी घटना के संबंध में जानकारी नहीं है। वहीं डाक्टर का कहना है कि पिता पुत्र अब खतरे से बाहर हैं।