चंदौसी। बदायूं रोड पर पथरा मोड के पास फिसलन के चलते बाइक फिसल गई। हादसे में बाइक सवार दंपती व दो मासूम घायल हो गए। घटना से क्षुब्ध आसपास के लोग एकत्र हो गए और मटर प्लांट से निकली छिलके से भरी ट्रैक्टर ट्राली को रोक लिया और विरोध प्रदर्शन किया। लोगों का आरोप है कि मटर प्लांट के चलते फिसलन रहती है। रोजाना कई बाइक सवार फिसल कर चोटिल हो जाते है। बदायूं के थाना वजीरगंज के गांव जजीरा निवासी राजकुमार अपनी पत्नी राजकुमारी व दो मासूम बच्चों के साथ थाना बिलारी के गांव जमालपुर गया था। गुरुवार की शाम करीब साढ़े चार बजे बदायूं रोड स्थित पथरा मोड़ से आगे पहुंचा तो सड़क पर फिसलन होने से बाइक फिसल गई। जिसमें बाइक सवार राजकुमार, उसकी पत्नी राजकुमारी व पुत्र सुखवीर (चार ) व दो माह का पुत्र घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर आसपास के लोगों ने दंपती व बच्चों को सड़क से उठाकर एक तरफ बैठाया। कुछ समय बाद मौके पर पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने घायल दंपती सहित मासूम बच्चों को उपचार के लिए सीएसची में भर्ती कराया। जहां उनका उपचार किया जा रहा है।
घटना से क्षुब्ध लोगों ने बदायूं रोड स्थित मटर प्लांट से निकली छिलके से भरी ट्रैक्टर ट्राली को रोड पर ही रोक लिया और नारेबाजी कर प्रदर्शन करने लगा। स्थानीय नागरिक करतार सिंह, संतोष खुराना, अवतार सिंह, रविंद्र कुमार, अरविंद, हेमंत, संदीप का आरोप है कि बदायूं मार्ग पर कोल्ड स्टोर से खराब आलू सड़क पर फेंक देने व मटर प्लांट से मटर के छिलके निकलने पर पानी सड़क पर गिरने से मार्ग पर फिसलन हो गई है। जिस कारण आए दिन हादसे होते रहते हैं। मगर पुलिस व प्रशासन इस ओर कोई कार्रवाई करने से बच रहा है। जनपद अमरोहा के गांव पापड़ कला निवासी भूपेंद्र सिंह मटर के छिलकों को ट्रैक्टर ट्राली में भरकर अपने गांव ले जा रहा था।