संभल। अमर्यादित कंटेंट से मशहूर हुईं संभल के गांव शहबाजपुर कला निवासी सगी बहनें महक और परी का किसी हाफिज को धमकाते हुए सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल हुआ है। दो दिन पहले मुरादाबाद में एक ऑटो चालक से मारपीट का वीडियो भी वायरल हुआ था। ऑटो चालक से हुई मारपीट के वीडियो पर ही हाफिज ने कमेंट किया था। इस कमेंट से गुस्साईं दोनाें बहनों ने हाफिज को धमकाते हुए वीडियो में कहा है कि ऑटो वाले की तरह ही हाल होगा। आगे कह रही हैं कि ऑटो वाले को उन्होंने ही पीटा है।दोनों बहनों का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें वह कहती हैं कि हाफिज का काम मस्जिद में नमाज पढ़ाने का होता है। इंस्टाग्राम चलाने का नहीं। इसके बाद आपत्तिजनक शब्द कहते हुए ऑटो वाले की तरह हाल यानी पिटाई करने की धमकी दे रही हैं। मालूम हो इन दोनों बहनों के खिलाफ असमोली थाने में अमर्यादित कंटेंट की वीडियो बनाने पर रिपोर्ट दर्ज की गई थी।
इसके साथ ही 18 जुलाई को पुलिस ने 168 बीएनएस का नोटिस भी तामील करा दिया था। इसमें पांच लाख रुपये से पाबंद किया था। इसमें स्पष्ट था कि यदि जमानत की शर्तों का पालन नहीं किया गया तो पांच लाख रुपये की वसूली की जाएगी। यह कार्रवाई इन दोनों बहनों के साथ दो अन्य लोगों पर भी की गई थी। इस कार्रवाई के बाद वीडियो आने बंद हो गए थे।
अब कुछ दिनाें यह दोनों बहनें फिर चर्चा में बनी हुई हैं। कुछ समय पहले अमरोहा में हंगामा करते हुए वीडियो वायरल हुआ था। चार दिन पहले मुरादाबाद के गागन इलाके में ऑटो चालक से मारपीट करते हुए वीडियो सामने आया था। अब यह धमकाते हुए वीडियो वायरल हुआ है। असमोली थाना प्रभारी का कहना है कि धमकाने के मामले में महक परी के खिलाफ कोई तहरीर नहीं मिली है। यदि तहरीर मिलती है तो कार्रवाई की जाएगी।