फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sambhal News: डीएम दफ्तर में घुस रहे सपाइयों को रोकने पर हंगामा, पुलिस से भिड़े, धक्कामुक्की

विज्ञापन
विज्ञापन
बहजोई(संभल)। नीट का पेपर लीक होने तथा रसोई गैस समेत डीजल-पेट्रोल व अन्य खाद्य आदि वस्तुओं पर महंगाई को लेकर सपाइयों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित सपाई कलक्ट्रेट पहुंच गए और प्रदर्शन और नारेबाजी शुरू कर दी। इसके बाद डीएम से मिलकर समस्याएं रखने व ज्ञापन देने के लिए दफ्तर में घुसने की कोशिश की तो पुलिस ने रोक लिया। इस पर सपाइयों व पुलिस के बीच खासी नोकझोंंक व धक्कामुक्की भी हुई। बाद में राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन डीएम को दिया गया।
विज्ञापन

बुधवार को समाजवादी पार्टी के जन प्रतिनिधि समेत पदाधिकारी व कार्यकर्ता चंदौसी-बबराला रोड स्थित एक रिसॉर्ट में एकत्र हुए और बैठक की। इसमें वक्ताओं ने नीट का पेपर लीक होने समेत जरूरी वस्तुओं पर बढ़ रही महंगाई की समस्या रखी। इसके बाद पैदल मार्च करते हुए पदाधिकारी व कार्यकर्ता कलक्ट्रेट पर सीडीओ के दफ्तर के सामने वाले गेट पर पहुंचे। यहां पुलिस ने सपाइयों को कलक्ट्रेट में प्रवेश करने से रोकने की कोशिश की और पुलिसकर्मी गेट के निकट खड़े हो गए।
बावजूद इसके सपाई गेट खोलकर कलक्ट्रेट परिसर में प्रवेश करते हुए प्रदर्शन व नारेबाजी कर आगे बढ़ गए। इसके बाद सपाइयों ने डीएम दफ्तर के बाहर पहुंचकर प्रदर्शन कर नारेबाजी की। इस बीच, डीएम दफ्तर में प्रवेश को लेकर काफी देर तक सपाइयों व पुलिसकर्मियों के बीच जमकर नोकझोंक व खींचतान हुई। बाद में कुछ पदाधिकारियों की ओर से डीएम दफ्तर में पहुंचकर ज्ञापन दिया गया। इस बीच, सपाई दफ्तर के बाहर खड़े होकर नारेबाजी करने लगे। यहां सपाइयों व पुलिस के बीच काफी नोकझोंक हुई।
विज्ञापन

वहीं, ज्ञापन में पदाधिकारियों का कहना था कि पेट्रोल-डीजल, रसोई गैस, खाद्य तेल, दालें व दैनिक जरूरत की वस्तुओं के दाम बेलगाम होते जा रहे हैं। इससे किसान, मजदूर, मध्यम वर्ग व गरीब परिवारों का घर चलाना मुश्किल हो गया है, लेकिन केंद्र व प्रदेश सरकार महंगाई पर नियंत्रण के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठा रही।
राज्यसभा सदस्य जावेद अली खान ने कहा, पेट्रोल-डीजल पर भारी टैक्स के कारण परिवहन महंगा हो रहा है, इसका सीधा असर हर सामान की कीमत पर पड़ रहा है। सरकार तत्काल तेल पर टैक्स घटाकर आवश्यक वस्तुओं के दाम नियंत्रित करे।

सांसद जिया उर रहमान बर्क ने कहा कि महंगाई का विरोध करते हुए संसद से सड़क तक आवाज बुलंद की जाएगी। वहीं, तेल की कीमतों में बेतहाशा वृद्धि के कारण ट्रांसपोर्ट से लेकर खेती-किसानी तक सब महंगा हो गया है। केंद्र सरकार तत्काल एक्साइज ड्यूटी कम कर जनता को राहत दे।
गुन्नौर विधायक राम खिलाड़ी यादव ने बढ़ती महंगाई का मुद्दा विधानसभा में उठाने की बात कही। इस बीच, सभी ने सरकार से तत्काल मूल्य नियंत्रण बोर्ड बनाकर जरूरी वस्तुओं पर सब्सिडी बढ़ाने की बात कही। उन्होंने कहा कि यदि जल्द महंगाई पर लगाम नहीं लगी तो संसद से लेकर सड़क तक जन-आंदोलन तेज किया जाएगा।
इस बीच, पूर्व मंत्री अकील उर रहमान समेत पूर्व विधायक राजेश यादव, जिलाध्यक्ष असगर अली अंसारी, जिला महासचिव कृष्ण मुरारी शंखधार, पूर्व जिलाध्यक्ष फिरोज खान, संजीव यादव, उमेश यादव, ओमप्रकाश प्रजापति, शोभित काका, बलवंत सिंह, शिवम यादव व बिलाल आदि रहे।



प्रदर्शन नारेबाजी कर रहे सपाइयों को एडीएम ने समझाया

बहजोई। प्रदर्शन व नारेबाजी के दौरान डीएम दफ्तर में प्रवेश को लेकर सपाइयों व पुलिसकर्मियों की नोकझोंक के दौरान एडीएम सत्यप्रिय सिंह ने पहुंचकर पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को समझाया। इसके बाद कुछ जन प्रतिनिधियों व पदाधिकारियों ने दफ्तर में प्रवेश कर डीएम को ज्ञापन दिया। वहीं, प्रभारी इंस्पेक्टर राजीव कुमार मलिक व हलका दरोगा अपर्णा बंसल ने भी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को समझाया। संवाद
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें