गुन्नौर कस्बे के एक मोहल्ला निवासी पॉलिटेक्निक की छात्रा ने छेड़खानी से तंग आकर आत्महत्या कर ली। परिजनों का आरोप है कि पड़ोस में रहने वाला दूसरे समुदाय का युवक बेटी पर शादी और धर्म परिवर्तन करने का दबाव बना रहा था। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
छात्रा की मौत से परिवार का माहौल गमगीन है। वह पांच बहन भाइयों में चौथे नंबर की थी। पढ़ने में भी काफी होशियार थी। मां का कहना है कि आरोपी युवक काफी समय से बेटी को परेशान कर रहा था। बेटी घर आकर शिकायत करती तो वह चुप करा देती। डर से कभी पति और बेटों को नहीं बताया। शायद वह बेटी के दर्द को समझती और पुलिस की मदद लेती तो आज वह जिंदा होती।
गुन्नौर कस्बे में पॉलिटेक्निक की छात्रा ने आत्महत्या कर ली। थाना पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जानकारी की है। मौके से कोई सुसाइड नोट नही मिला है। इस मामले में परिजनों ने तहरीर दी है। जिसमें आरोप है कि एक युवक छात्रा को परेशान करने कर रहा था। जिससे क्षुब्ध होकर छात्रा ने ये आत्मघाती कदम उठा लिया। परिजनों द्वारा लगाए गए आरोप की जांच की जा रही है। विधिक कार्रवाई की जाएगी। -कृष्ण कुमार विश्नोई, एसपी संभल