सरायतरीन। पवांसा ब्लाक क्षेत्र के गांव निबौरा से रुदायन को जाने वाले मार्ग का निर्माण चल रहा है। विधायक निधि से यह निर्माण कार्य चल रहा है। रविवार को बारिश हुई तो सड़क से लेकर नाली और पुलिया बह गई। इससे लोगों में रोष पनप गया। उन्होंने घटिया सामग्री लगाने का आरोप लगाकर प्रदर्शन किया। ठेकेदार और जेई के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
ग्रामीणों ने कहा कि घटिया सामग्री लगाने के लिए कई बार मना किया था लेकिन नहीं मानें। नतीजा सामने है। गांव के वीरेश यादव ने बताया कि निबौरा से रुदायन को जाने वाले मार्ग को जोड़ने के लिए विधायक निधि से तीन सौ मीटर सड़क पुलिया और नाली का निर्माण कार्य कराया जा रहा है। बीच में तालाब आने पर पुलिया का निर्माण कराया गया है। ग्रामीणों के घरों से निकलने वाला गंदा पानी तालाब में जाने के लिए सड़क के दोनों और नाली निर्माण कराया जा रहा है। ठेकेदार द्वारा पुलिया और नाली में घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया गया है। जिसके चलते यह टूटा है।
प्रदर्शन करने वालों में मुनेश यादव, हरिशंकर, प्रेमशंकर, आकाश कुमार, सुरेश सिंह, अमरपाल, नरेश पाल, विजय राम, हप्पू सिंह, विशन पाल, अंकुश यादव, भूपेंद्र सिंह, प्रेमवीर सिंह यादव, मोहित कुमार आदि रहे।