संभल-मुरादाबाद मार्ग पर सिरसी में जवाहरलाल मेमोरियल इंटर काॅलेज के सामने संभल की ओर से आ रहा ट्रक पेड़ से टकराते हुए पीएसी वाहन से टकरा गया। जिससे पीएसी वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। साथ ही ट्रक का चालक व हेल्पर केबिन में फंस गया। आसपास के लोगों ने दोनों घायलों को केबिन से बाहर निकाला।
सोमवार देर रात करीब 12:30 बजे संभल की ओर से एक तेज रफ्तार ट्रक आ रहा था। ट्रक सिरसी में जवाहर लाल मेमोरियल इंटर कॉलेज के सामने एक पेड़ से टकरा गया। टक्कर लगने से पेड़ टूट गया। वहीं ट्रक पेड़ को तोड़ते हुए पीएसी वाहन से जा टकराया और उसे काफी दूर तक पीछे खींचते हुए ले गया।
जानकारी होते हुए पीएसी बल बाहर निकला और स्थानीय लोगों की मदद से केबिन में फंसे ट्रक चालक शक्ति सिंह व हेल्पर भोला को बाहर निकाला गया। पीएसी के जवानों ने बताया कि हादसा ट्रक ड्राइवर के नशे में होने की वजह से हुआ है। बताया गया कि ट्रक गाजियाबाद से एसी का माल लादकर रुद्रपुर जा रहा था।