संभल। गांव मोहम्मदपुर टांडा में चंदौसी रोड पर बाइक सवारों को बेकाबू टैंकर ने रौंद दिया। इसमें एक किशोर की मौत हो गई। जबकि दूसरा युवक घायल हुआ है। उसे उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद मौके से चालक भाग गया। टैंकर को पुलिस ने कब्जे में लिया है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। अज्ञात चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
शुक्रवार की सुबह करीब नौ बजे मुरादाबाद जिले के थाना सोनकपुर अंतर्गत गांव बैटला सरथल निवासी मोनिस (16) पुत्र बन्ने और चंदौसी के मोहल्ला लक्ष्मन गंज निवासी इमरान को गांव मोहम्मदपुर टांडा में टैंकर ने चपेट में ले लिया। इसमें बाइक सवार दोनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की मदद से संभल जिला अस्पताल भेजा गया। जहां हालत गंभीर होने पर रेफर कर दिया। निजी अस्पताल में उपचार के दौरान मोनिस की मौत हो गई। जबकि इमरान की हालत गंभीर है।
मोनिस की मां भूरी ने बताया कि उनका बेटा गांव मोहम्मदपुर टांडा में एक बाइक मिस्त्री की दुकान पर मरम्मत का काम सीख रहा था। शुक्रवार की सुबह दुकान के काम से कहीं जा रहा था। टैंकर ने टक्कर मार दी। इसमें मौत हो गई। कोतवाल रविंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि ट्रक कब्जे में लिया गया है। चालक की तलाश की जा रही है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
दो घंटे बाद पहुंची एंबुलेंस, राहगीरों की मदद से अस्पताल पहुंचे घायल
गांव मोहम्मदपुर टांडा में हुए हादसे की सूचना एंबुलेंस को तत्काल दी गई लेकिन मौके पर नहीं पहुंची। मजबूरन लोग निजी वाहनों से दोनों घायलों को अस्पताल ले गए। हादसे के दो घंटे बाद एंबुलेंस मौके पर पहुंची। मृतक युवक के चाचा यूनुस ने बताया कि हादसे के के बाद मौके पर एंबुलेंस नहीं पहुंची तो राहगीरों की मदद से घायलावस्था में अस्पताल ले गए थे।