बहजोई। शनिवार को विधानसभा चुनाव के लिए नामांकन पत्रों की जांच की गई। इस दौरान जिले की तीन विधानसभा क्षेत्रों से चार नामांकन पत्र खारिज किए गए हैं। इनमें चंदौसी विधानसभा क्षेत्र से दो तथा असमोली व संभल से एक-एक नामांकन पत्र शामिल है।
डीएम संजीव रंजन ने बताया कि तीन विधानसभा क्षेत्रों के चार नामांकन पत्र खारिज किए गए हैं। इनमें विधानसभा क्षेत्र चंदौसी से निर्दलीय प्रत्याशी तेजराम व शांतनु सिंह का नामांकन खारिज किया गया। इन्होंने तय समय तक शपथ पत्र के अभिलेख पूरे दाखिल नहीं किए। वहीं संभल से आजाद समाज पार्टी के प्रत्याशी मोहम्मद नदीम का नामांकन खारिज किया गया। इन्होंने शपथ पत्र अधूरा दाखिल किया था। इसके अलावा असमोली से निर्दलीय प्रत्याशी जाकिर का आयोग की ओर से अयोग्य घोषित किए जाने के चलते नामांकन पत्र खारिज किया गया है।