चंदौसी/जुनावई। थाना जुनावई क्षेत्र के गांव कलेथा में घर के बाहर खेल रही दो वर्षीय मासूम की गंदे पानी से भरे गड्ढे में डूबकर मौत हो गई। घटना से परिवार में कोहराम मच गया।
गांव कलेथा निवासी हरकेश मौर्य मंडी समिति से सब्जी खरीदकर बेचने का कार्य करके अपने परिवार का पालन-पोषण करता है। हरकेश का मकान निर्माणाधीन होने के चलते पानी की निकासी नहीं है। इसलिए मकान के आगे गड्ढा खोद दिया है, जिसमें घर से निकलने वाला गंदा पानी जाता है।
हरकेश ने बताया कि बुधवार की सुबह वह सब्जी खरीदने मंडी चला गया। पत्नी रेखा घर के कार्य में व्यस्त हो गई। उनकी दो वर्षीय पुत्री प्रीति खेलते-खेलते घर के बाहर निकल गई और पानी से भरे गड्ढे में जा गिरी। घटना की जानकारी किसी को नहीं हुई। रेखा को जब प्रीति नजर नहीं आई तो उसकी खोजबीन शुरू की गई। प्रीति को ढूंढने में ग्रामीण भी जुट गए। तभी गांव के एक ग्रामीण के के दस वर्षीय बेटे की नजर गड्ढे में भरे पानी में तैर रहे प्रीति के जूते पर पड़ी। जब ग्रामीणों ने गड्ढे से जूता निकाला, तभी प्रीति का शव नजर आ गया।
मासूम का शव देख मां रेखा की चीख निकल गई। घटना की सूचना मिलने पर हरकेश भी घर पहुंच गया। हरकेश के प्रीति के अलावा एक दस वर्षीय पुत्र भी है।