बहजोई (संभल)। गांव नाधौस निवासी करिश्मा (19) और कैलादेवी के गांव नूरपुर निवासी ज्ञानदेई को सोमवार की दोपहर सांप ने डस लिया। परिजन पहले झाड़फूंक कराते रहे। हालत में सुधार न होने पर शाम को अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां पर डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
सोमवार को दोपहर करीब 12: 30 बजे बहजोई के गांव नाधौस निवासी लखपत की पत्नी करिश्मा को सांप ने डस लिया। परिजन पहले गांव में झाड़फूंक कराते रहे। सुधार न होने पर शाम को करीब छह बजे परिजन करिश्मा को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाए। जहां पर चिकित्साधिकारी शुभम अग्रवाल ने करिश्मा, 19 वर्ष को मृत घोषित कर दिया। वही थाना कैलादेवी के गांव नूरपुर निवासी सत्यपाल की पत्नी ज्ञानदेई (50) को भी सोमवार की दोपहर सांप ने डस लिया। परिजन शाम को पौने सात बजे करीब महिला को उपचार के लिए सीएचसी में लाए। जहां पर चिकित्साधिकारी डॉ. अनिल अग्रहरि ने महिला मृत घोषित कर दिया। चिकित्साधिकारियों के मुताबिक दोनों ही मामलों में परिजन झाड़ फूंक कराने में लगे रहे। यदि समय से ही परिजन दोनों महिलाओं को उपचार के लिए सीएचसी ले आते तो शायद इन महिलाओं की जान बच सकती थी।