चंदौसी(संभल)। जिले के परिषदीय स्कूलों की दो शिक्षिकाओं को राज्य शैक्षिक प्रबंधन एवं प्रशिक्षण संस्थान (सीमैट) प्रयागराज की ओर से आईसीटी मास्टर ट्रेनर का प्रमाणपत्र मिला है। यह सम्मान गांव जनेटा के कंपोजिट विद्यालय की सहायक अध्यापिका राखी अग्रवाल और एआरपी बहजोई हिना तबस्सुम को प्राप्त हुआ। मास्टर ट्रेनर के रूप में प्रमाणित होने के बाद दोनों शिक्षिकाएं न केवल अपने विद्यालय, बल्कि जिले और प्रदेश स्तर पर भी अन्य शिक्षकों को प्रशिक्षण देने की भूमिका निभाएंगी।
ब्लॉक बनियाखेड़ा के गांव जनेटा स्थित कंपोजिट विद्यालय की शिक्षिका राखी अग्रवाल ने बताया कि सीमैट की ओर से प्रदेश भर के चयनित शिक्षकों के लिए चार दिन का विशेष प्रशिक्षण प्रयागराज में आयोजित किया गया था। इसमें परीक्षा, प्रैक्टिकल और अलग-अलग चरणों के बाद चयनित शिक्षकों को मास्टर ट्रेनर घोषित किया गया। शिक्षिका ने बताया कि वह शिक्षा में आईसीटी, नवाचार और बेहतर शिक्षण के लिए लगातार काम कर रही हैं। वह दो साल से राज्य शिक्षक आईसीटी पुरस्कार भी प्राप्त कर चुकी हैं।
वहीं, शिक्षिका हिना तबस्सुम बच्चों की पढ़ाई सुधारने और खासकर बच्चियों को आगे बढ़ाने के लिए लगातार सक्रिय रहती हैं। दोनों शिक्षिकाएं पहले भी आईआईटी कानपुर से आईसीटी प्रशिक्षण ले चुकी हैं। बताया कि दोनों शिक्षिकाएं अपने साथ-साथ जिले व प्रदेश के अन्य शिक्षकों को भी प्रशिक्षण देंगी। इससे आधुनिक शिक्षण तकनीक तेजी से स्कूलों तक पहुंचेंगी और बच्चों की पढ़ाई और भी मजबूत होगी।