संभल। नखासा थाना क्षेत्र के मोहल्ला तुर्तीपुर इल्हा निवासी शाइस्ता (30) की चार दिसंबर को संदिग्ध हालात में जहर खाने से हालत बिगड़ गई। भाई ने उसे मुरादाबाद के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। साथ ही दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर पति सहित छह ससुरालियों पर बहन को जहरीला पदार्थ पिलाने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई। शनिवार को देर रात महिला की मौत हो गई।
मुरादाबाद के पाकबड़ा बुध बाजार निवासी सलमान अली ने बताया कि बहन शाइस्ता की शादी 24 नवंबर 2024 को नखासा थाना क्षेत्र के तुर्तीपुर इल्हा के नदीम के साथ की थी। शादी में काफी दान दहेज दिया था। फिर भी दहेज में कार, सोने के जेवर और 20 लाख रुपये की मांग की जा रही थी। तीन महीने पहले पांच लाख रुपये दिए भी थे लेकिन बहन के साथ मारपीट की जाती थी।
अभी चार दिसंबर को सुबह 4.30 बजे शाइस्ता ने फोन कर बताया कि नदीम और ससुरालियों ने मिलकर उसे जहरीला पिला दिया। इसके बाद सलमान अली घर पहुंचा तो घर में बहन फर्श पर पड़ी थी और अन्य लोग भाग गए थे। संभल के बाद उसे मुरादाबाद के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
इस मामले में नदीम, भूरा, शाहजहां, सना, शमा अफरोजा और रईस अहमद के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। शनिवार को देर रात उपचार के दौरान शाइस्ता की मौत हो गई। थाना प्रभारी संदीप बालियान ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। रिपोर्ट पहले से ही दर्ज है लेकिन परिजनों की तहरीर पर इसे तरमीम कर दिया जाएगा।