ओबरी (संभल)। डीआईओएस वेदराम और एबीएसए असमोली अंशुल कुमार ने शुक्रवार को मान्यता से अधिक कक्षाएं संचालित करने वाले दो स्कूल सील किए हैं। अधिकारियों ने दोनों स्कूलों का निरीक्षण किया था। इसी दौरान इंटरमीडिएट के विद्यार्थी पढ़ाई करते मिले थे।
डीआईओएस ने बताया कि जावेद अख्तर जूनियर हाईस्कूल मनोटा में कक्षा एक से 12 तक के 305 विद्यार्थी पढ़ाई करते मिले। जबकि स्कूल की मान्यता 8वीं तक है। स्कूल में 151 छात्र-छात्राएं 9 से 12 कक्षा तक पढ़ाई करते मिले। निरीक्षण के दौरान यह भी सामने आया कि न सिर्फ कक्षाएं अधिक की जा रही हैं, बल्कि विद्यार्थियों की सुरक्षा से भी खिलवाड़ किया जा रहा है। उन्हें ट्रैक्टर-ट्राली से स्कूल लाया जाता है और छुट्टी के बाद छुड़वाया जाता है। इसके फिटनेस संबंध में भी कोई जानकारी संचालक नहीं दे सका। इस पर स्कूल को सील कर दिया गया है। इसके अलावा डीएम पब्लिक स्कूल सैदपुर इम्मा का निरीक्षण किया गया। यहां भी कक्षा 1 से 8वीं तक विद्यार्थी पढ़ाई करते मिले। जबकि मान्यता 5वीं तक है। इसे भी सील किया गया है।
स्कूलों के संबंध में पहले कई शिकायतें मिली थीं। नोटिस जारी करके इसमें सुधार के आदेश दिए गए थे, लेकिन संचालन जारी रहा। अब दोनों स्कूलों को सील कर दिया गया है। अगली कार्रवाई की जा रही है। - वेदराम, डीआईओएस।