संभल। जिले से चोरी की गईं चार कारों को खरीदने वाले गिरोह की तलाश में संभल पुलिस दिल्ली गई है। हालांकि मुठभेड़ के बाद पकड़े गए कार चोरी कर भागने वाले आरोपी ने पुलिस को बताया था कि वह जिस गिरोह को कार बेचता है वह कबाड़ी है। एसपी कृष्ण कुमार विश्नोई का कहना है कि दो टीमों को दिल्ली के लिए रवाना किया है।
मंगलवार को चंदौसी कोतवाली पुलिस की गांव आटा के नजदीक कार चोरी कर भाग रहे आरोपी गाजियाबाद जिले के थाना इंदिरापुरम अंतर्गत मोहल्ला न्याय खंड 3 निवासी आकाश बाबू से मुठभेड़ हो गई थी। आरोपी संभल कोतवाली क्षेत्र के मनोकामना मंदिर के नजदीक से कार चोरी कर भाग गया था। पुलिस सूचना पर अलर्ट हुई और इसी क्रम में आरोपी की घेराबंदी कर ली थी, लेकिन आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग कर दी थी।
पुलिस की फायरिंग में आरोपी की टांग में गोली लगी और गिरफ्तार कर लिया था। आरोपी ने पुलिस को बताया था कि वह पेशेवर वाहन चोर है। संभल जिले के चंदौसी और बहजोई से दो-दो कार चोरी कर चुका है और दिल्ली में ले जाकर बेच दी हैं। एसपी ने बताया कि पकड़ा गया आरोपी मुरादाबाद, बदायूं और संभल जिले में घटनाएं अंजाम दे रहा था। पूछताछ में जो जानकारी दी है उसके आधार पर टीमों को रवाना किया है।