गुन्नौर सीएचसी में ट्रैक्टर ट्राली व टेंपो की टक्कर में घायल लोग।
- फोटो : CHANDAUSI
बबराला(संभल)। नरौरा बैराज के पास रविवार की देर रात में करीब 11 बजे टेंपो में सामने से आ रही ट्रैक्टर ट्राली ने टक्कर मार दी। हादसे में टेंपो में सवार बदायूं जनपद के दो लोगों की मौत हो गई तथा छह लोग घायल हो गए। घायलों को अलीगढ़ रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने ट्रैक्टर ट्राली को कब्जे में लेकर अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर लिया है। टेंपों में बदायूं जिले के फैजगंज बेहटा थानातंर्गत गांव दासपुर निवासी मोहनलाल का परिवार रिश्तेदारों संग मुंडन संस्कार के लिए बुलंदशहर के गंगा कर्णवास जा रहा था।
बदायूं जनपद के थाना फैजगंज बेहटा के गांव दासपुर निवासी मोहनलाल के पांच वर्षीय बेटे निशांत का मुंडन होना था। मोहनलाल अपने रिश्तेदार व परिजनोें के साथ बेटे का मुंडन संस्कार कराने के लिए टेंपो से रविवार की रात बुलंदशहर क्षेत्र में गंगा कर्णवास जा रहे थे। नरौरा बैराज के पास हाइवे पर रात करीब 11 बजे सामने से आ रही ट्रैक्टर ट्राली ने टेंपो को टक्कर दी। हादसे में टेंपो में सवार सभी आठ लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सीएचसी गुन्नौर में भर्ती कराया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद थाना फैजगंज बेहटा क्षेत्र केे गांव दासपुर निवासी सोराज सिंह और गांव गनगोली निवासी घनेंद्र को मृत घोषित कर दिया। हादसे में घायल निशांत (05) पुत्र मोहनलाल, ओमवती (25) पत्नी मोहनलाल, कमलेश (24) पत्नी गिरनामी सिंह, मुन्नी देवी (45) पत्नी नत्थू सिंह, कमलेश (50) पत्नी रघुवीर, नत्थू (50) को प्राथमिक उपचार के बाद अलीगढ़ रेफर कर दिया। हादसे के बाद आरोपी चालक ट्रैक्टर ट्राली छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने ट्रैक्टर ट्राली कब्जे में ली है तथा परिजनों की तहरीर पर अज्ञात ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर लिया है। मृतक सोराज सिंह मोहनलाल के रिश्ते का बहनोई लगता था। दो लोगों की मौत से परिजनों का रो- रोकर बुरा हाल है।