मुंडन संस्कार के लिए जाते समय नरौरा बैराज के पास रात में करीब 11 बजे नरौरा बैराज के पास टेंपो की सामने से आ रही ट्रैक्टर ट्राली ने टक्क्र मार दी। हादसे में टेंपो में सवार बदायूं जनपद के दो लोगों की मौत हो गई तथा छह लोग घायल हो गए। घायलों को अलीगढ़ रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने ट्रैक्टर ट्राली को कब्जे में ले लिया है तथा अज्ञात चालक के विरूद्ध मुकदमा पंजीकृत कर लिया है।
बदायूं जनपद के थाना फैजगंज बेहटा के गांव दासपुर निवासी मोहनलाल के पांच वर्षीय बेटे निशांत का मुंडन होना था। मोहनलाल अपने रिश्तेदार व परिजनों के साथ बेटे का मुंडन संस्कार कराने के लिए टेंपो से रविवार की रात बुलंदशहर क्षेत्र में गंगा कर्णवास जा रहे थे। नरौरा बैराज के पास हाईवे पर रात करीब 11 बजे सामने से आ रही ट्रैक्टर ट्राली से टेंपो की टक्कर हो गई। हादसे में टेंपो में सवार सभी आठ लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सीएचसी गुन्नौर में भर्ती कराया।
वहां चिकित्सकों ने थाना फैजगंज बेहटा क्षेत्र के गांव दासपुर निवासी सोराज सिंह, गांव रंगोली निवासी धर्मेंद्र को मृत घोषित कर दिया। हादसे में घायल बेटे निशांत (पांच) पुत्र मोहनलाल, पत्नी ओमवती (25) पत्नी मोहनलाल, कमलेश (24) पत्नी गिरनामी सिंह, मुन्नी देवी (45) पत्नी नत्थू सिंह, कमलेश (50) पत्नी रघुवीर, नत्थू (50) को प्राथमिक उपचार के बाद अलीगढ़ रेफर कर दिया। हादसे के बाद आरोपी चालक ट्रैक्टर ट्राली छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने ट्रैक्टर ट्राली कब्जे में ली है तथा परिजनों की तहरीर पर अज्ञात ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर लिया है।