मामा के गांव जाने की बात कहकर घर से निकले दो भाई बाइक समेत नाले में गिर गए। बड़े भाई का शव नाले में मिला है, लेकिन छोटा अभी तक लापता है। नाले से पानी निकाल कर उसकी तलाश कराई जा रही है। सोमवार देर रात तक उसका कोई पता नहीं चल पाया था।
पुलिस के मुताबिक असमोली थाना क्षेत्र के मनोटा गांव निवासी आबिद का बेटा फैजान (17) अपने छोटे भाई साहिल (7) के साथ रविवार की रात करीब नौ बजे घर से मामा के यहां जाने के लिए निकला था। उनको गोविंदपुर में मेहंदी का जुलूस देखना था। परिजनों ने जब सोमवार को गोविंदपुर में रिश्तेदारों को फोन किया तो पता चला कि दोनों यहां नहीं पहुंचे हैं। इसके बाद परिजनों ने उनकी तलाश शुरू कर दी।
परिजन सुबह लगभग 11 बजे मंडलाई गांव के पास पहुंचे तो वहां नगर पालिका के नाले में बाइक गिरी हुई दिखाई दी। नाले से जब बाइक निकाली गई तो वहां पर फैजान का शव मिला। काफी तलाश किए जाने के बाद भी साहिल का कोई पता नहीं चल सका। नगरपालिका का यह नाला चार फीट चौड़ा और सात फीट गहरा है, जिसे कवर भी नहीं किया गया है।
घटना की सूचना मिलने के बाद एएसपी आलोक कुमार जायसवाल, एसडीएम विनय कुमार मिश्र और सीओ जितेंद्र सिंह के साथ कई थानों की पुलिस गई। पालिका की टीम ने नाले से पानी निकालकर साहिल की तलाश शुरू की, लेकिन समाचार लिखे जाने तक उसका पता नहीं लग पाया था। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि बाइक को किसी वाहन ने टक्कर तो नहीं मारी थी।
किशोर का शव बाइक समेत नाले से बरामद हुआ है। उसका छोटा भाई लापता है, जिसकी तलाश की जा रही है। परिजनों की ओर से कई तहरीर नहीं दी गई है। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।
- जितेंद्र सिंह, सीओ, संभल