जुनावई क्षेत्र के विलासपुर में खाई में डूबने पर बिलखता परिवार ।
- फोटो : amar ujala
गुन्नौर थाना क्षेत्र के विलासपुर गांव के पास सड़क किनारे गड्ढे में भरे पानी में गए दो मासूम डूब गए। सूचना पर पहुंचे गांव वालों ने दोनों को निकाला और अस्पताल ले गए यहां दोनों की मौत हो गई। बच्चों की मौत से दो घरों में कोहराम मचा है। वहीं परिजनों ने बिना किसी कार्रवाई के अंतिम संस्कार कर दिया है।
गुन्नौर थाना क्षेत्र के विलासपुर गांव के रहने वाले शिवनी सिंह ने अपनी बेटी की शादी इसी थाना क्षेत्र के सिरौरा काजी में उमेश से की थी। शिवनी को कोई बेटा नहीं था। इससे उन्होंने अपनी बेटी और दामाद को विलासपुर गांव में ही बुला लिया था। उमेश का 10 वर्षीय बेटा पुष्पेन्द्र कक्षा चार में पढ़ता था।
रविवार दोपहर पुष्पेन्द्र गांव के ही अपने साथी अवलेश (11)पुत्र चरन सिंह बच्चों के साथ खेलने चला गया। पशु चराने वाले बच्चों के साथ वे खेलते-खेलते आगे निकल गए। नन्दपुर रोड की सड़क किनारे गड्ढों में पानी भरा है। दोपहर करीब साढ़े बारह बजे दोनों साथी पानी में उतरने लगे तो वहीं घास छील रही बालिका ने डांट फटकार कर दोनों रोक दिया। इधर, कुछ देर बाद बालिका वहां से चली गई तो बच्चे गड्ढे में घुस गए। इस दौरान वे नहाते-नहाते गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे।
उन्हें डूबता देख पशु चराने वाले बच्चे रोते बिलखते गांव पहुंचे और घटना की जानकारी दी। इसके बाद वहां पहुंचे गांव के ही रहने वाले रामप्रकाश एवं राजेेश ने दोनों बच्चों को बाहर निकाला। इस दरम्यान दोनों की हालत खराब थी। दोनों को जुनावई अस्पताल लाया गया, यहां से रेफर कर दिया गया। बाद में दोनों बच्चों को बबराला के एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां दोनों की मौत हो गई।