चंदौसी (संभल)। एटीएम के कैश डिस्पेंसर (पैसे निकासी वाले स्थान) में प्लेट लगाकर पैसे निकालने वाले गिरोह के दो सदस्य को पहचान करते हुए बैंककर्मी ने शोर मचाते हुए दबोच लिया। बाद में पुलिस के सुपुर्द कर दिया। पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है।
चंदौसी के आजाद रोड पर आईडीअीआई बैंक की शाखा है। वहीं पर आईडीबीआई बैंक का एटीएम भी लगा है। 13 मार्च को एटीएम का उपयोग करने वाले एक व्यक्ति ने सूचना दी कि उसके खाते से पैसे कट हो गए हैं, लेकिन कैश डिस्पेंसर से पैसे नहीं निकल रहे हैं। जब शाखा प्रबंध दिवाकर यादव ने एटीएम मशीन की कैश डिस्पेंसर को देखा तो वहां एक काले रंग की प्लेट लगी थी। जिसे खींचने पर उसमें पैसे फंसे हुए थे। एटीएम में लगे सीसीटीवी कैमरे में आरोपी प्लेट लगाते हुए दिखाई दे रहा था। जिसकी रिपोर्ट 16 मार्च को चंदौसी कोतवाली में दर्ज कराई गई। तभी से बैंककर्मी सीसीटीवी कैमरे के फुटेज के जरिये आरोपियाें की पहचान करने में जुटे थे। शुक्रवार की शाम बैंक के सामने से एक कार गुजरी। जिसमें दो युवक बैठे हुए थे। यहां खड़े एक बैंककर्मी ने कार में बैठे एक युवक को पहचान लिया। शोर मचाते हुए कार पीछा किया। आजाद रोड पर चर्च के आगे बैंककर्मी ने कार को रोक लिया। इस दौरान दोनों आरोपी बचने के लिए बैंककर्मी से भिड़ गए। इतनी देर में मौके पर अन्य लोग भी आ गए। यहां स्थानीय पुलिस भी पहुंच गई। जिसके बाद दोनों आरोपियों को पुलिस कोतवाली ले गई। जानकारी के अनुसार आरोपियों के पास चार से अधिक एटीएम कार्ड मिले हैं। फिलहाल पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है।
-
इस तरह लगाते हैं प्लेट
जालसाज एटीएम मशीन में पैसे निकाली वाले स्थान पर उसी रंग की पतली प्लेट लगा देते हैं। जिसे सामने वाला व्यक्ति पहचान न सके। जब कोई व्यक्ति पैसे निकालने आता है। वह एटीएम कार्ड लगाकर अपना ट्रांजेक्शन पूरा करता है। एटीएम मशीन की ट्रे से पैसे भी उठते हैं, लेकिन प्लेट लगे होने की वजह से पैसे नहीं निकलते। इस दौरान आरोपी आसपास ही रहते हैं। इंतजार कर पैसे निकालने आया व्यक्ति जैसे ही एटीएम से बाहर जाता है आरोपी तुरंत अंदर जाकर प्लेट खींचकर पैसे निकाल लेते थे।
-
पहले भी चार बार निकले चुके हैं पैसे
शाखा प्रबंधक के अनुसार आरोपी करीब चार बार एटीएम में प्लेट लगाकर पैसे निकाल चुके हैं। हालांकि इस संबंध में किसी भी व्यक्ति ने रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई है। एटीएम में 10, 11 और 13 मार्च को प्लेट लगाकर पैसे निकाले गए हैं। शुक्रवार को सुबह पौने आठ बजे करीब भी 4500 रुपये निकाले गए हैं।