संभल। कैलादेवी थाना क्षेत्र के गांव लखनपुर में कर्ज नहीं चुका पाने से परेशान चल रहे छोटेलाल (35) ने घर के कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों ने गांव के एक व्यक्ति पर कर्ज के एवज में छोटेलाल की जमीन जोतने का आरोप लगाया है।
पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर पूछताछ की। हालांकि पुलिस कर्ज के कारण आत्महत्या की बात से इन्कार कर रही है।
लखपुर निवासी कल्लू ने बताया कि उनके बेटे छोटेलाल को गांव के ही एक व्यक्ति ने ब्याज पर दस हजार रुपये उधार दिलाए थे। कुछ समय बाद छोटेलाल पर ब्याज समेत बीस हजार रुपये की देनदारी हो गई। जिसे न चुकाने पर तीन दिन पहले पैसे दिलाने वाले व्यक्ति ने जमीन जोत ली। इस वजह से छोटेलाल परेशान था। वह रविवार की दोपहर घर आया और कमरे में बंद हो गया। काफी देर तक जब वह कमरे से नहीं निकला तो परिजनों को चिंता हुई। दरवाजा खटखटाने पर कोई जवाब नहीं मिला तो पुलिस को सूचना दी गई। इसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कमरे का दरवाजा तुड़वाया।
विज्ञापन
कमरे में छोटेलाल का शव कुंडे में फंदे के सहारे लटका हुआ था। जिससे परिजनाें को चीखपुकार मच गई। सूचना पर फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम को भेज दिया।
छोटेलाल की पत्नी सुनीता की तीन साल पहले मौत हो चुकी है। वह अपने पीछे तीन बच्चे योगेश, नीतू और मोहित को छोड़ गया है, जोकि अपने ननिहाल भीकमपुर जैनी में रहते हैं। कैलादेवी थाने के प्रभारी निरीक्षक सत्यप्रकाश सिंह का कहना है कि शव पोस्टमार्टम को भेजा गया है। उसने आत्महत्या क्यों कि इसकी जांच की जा रही है।
मामले में एएसपी श्रीश्चंद ने कहा कि कर्ज के कारण आत्महत्या किए जाने की जानकारी नहीं है। परिजन तहरीर देते हैं तो जांच कराई जाएगी।