शॉपिंग की जिद कर रही पत्नी को दिया तीन तलाक
- फोटो : सोशल मीडिया
मुरादाबाद में सोमवार को शॉपिंग की जिद पूरी नहीं होने पर पति-पत्नी के बीच विवाद हो गया जिसके बाद पति ने महिला को तीन तलाक दे दिया। महिला का आरोप है कि पति ने मारपीट की और रात के समय ही घर से निकाल दिया। मायके वाले अब महिला को अपने साथ ले गए हैं। मामला पुलिस तक नहीं पहुंचा है।
असमोली थाना क्षेत्र के अहरौला माफी निवासी एक युवक की शादी 13 वर्ष पहले उत्तराखंड राज्य के एक कस्बे से हुई थी। शनिवार को वह अपनी पत्नी को साथ लेकर मुरादाबाद रिश्तेदारी में गया था। इस दौरान पत्नी ने बाजार से कुछ सामान खरीदने की बात कही। इस पर पति ने इनकार कर दिया। दोनों रविवार को घर लौटे तो विवाद बढ़ गया।
महिला का कहना है कि विवाद के दौरान ही उसके पति ने सोमवार की देर रात तीन तलाक दिया है। जब इसका विरोध किया तो मारपीट की और घर से निकाल दिया। पड़ोसियों के घर रात गुजारी। मंगलवार की सुबह महिला के परिजन पहुंच गए। वह महिला को अपने साथ ले गए हैं। इस मामले में अभी पुलिस कार्रवाई नहीं हुई है।