संभल। मुख्य मार्गों से गांवों को जाने वाली सड़कों की हालत खस्ता है। कई गांवों के लोगों का सड़कों से सफर करना दुश्वार हो गया है। हादसे का अंदेशा भी रहता है। अब कोहरे की शुरुआत हो चुकी है, ऐसे में गड्ढों के कारण ग्रामीणों को ज्यादा परेशानी हो रही है। फिर भी पीडब्ल्यूडी सड़कों दुरुस्त कराने के लिए गंभीर नहीं दिख रहा है।
मुख्य मार्गों से ग्रामीण क्षेत्र को जोड़ने वाली सड़कों की जिम्मेदारी पीडब्ल्यूडी की है। मुरादाबाद मार्ग से गांव मखदूमपुर को जाने वाली सड़क की बात तो जगह-जगह टूटी हुई है और गड्ढे बन गए हैं। यह मार्ग मखदूमपुर सहित कई गांवों को जोड़ता है। चंदौसी मार्ग से गोविंदपुर को जाने वाली सड़क की हालत भी खस्ता है। मुख्य मार्ग से करीब 100 मीटर चलने पर ही सड़क में कई जगह गड्ढे बने हैं। यह हालात तब हैं जबकि गोविंदपुर से आगे हसनपुर मुनजब्ता, चंदायन और हैबतपुर के ग्रामीण भी इसी सड़क से निकलते हैं।
वहीं हल्लू सराय से हसनपुर मुनजब्ता को जाने वाली सड़क भी जगह-जगह टूटी हुई है। इस मार्ग पर धूल उड़ने के कारण भी परेशानी होती है। बताते चलें कि सर्दी के मौसम में कोहरा आने लगा है। ऐसे में सड़कों से गुजरने के दौरान हादसे का ज्यादा खतरा बढ़ गया है। कई स्थानों पर सड़कों में गहरे गड्ढे बने हुए हैं।
0000000
.सड़क करीब ढाई साल से टूटी हुई है। यह सड़क तीन-गांवों को जोड़ती है। सड़क के टूटने के कारण निकलने में परेशानी होती है।
-मोहम्मद शहजाद, मखदूमपुर
0000000
.चार पांच साल से सड़क की हालत खराब है। जबकि यह कई गांवों को जोड़ती है। सड़क की मरम्मत कराई जानी चाहिए।
-अनीस, गोविंदपुर
0000000
.हसनपुर मुनजब्ता को जाने वाली सड़क टूटने के कारण परेशानी होती है। टायर पिंचर हो जाता है और धूल उड़ती है।
-गुड्डू, हल्लू सराय
0000000
.यह सड़क कई गांवों को जोड़ती है। करीब तीन किलोमीटर क्षेत्र में सड़क जगह-जगह से टूटी हुई है। जिससे परेशानी होती है।
-जफीर, हसनपुर मुनजब्ता
0000000
.टूटी सड़कों के लिए प्रस्ताव भेजे जा चुके हैं और जो सड़कें पेचवर्क के लिए थीं, वह सब सही करा दी गईं। प्रस्ताव को मंजूरी मिलने पर सड़कों को सही करा दिया जाएगा।
-सुनील प्रकाश, एक्सईएन पीडब्ल्यूडी संभल