बहजोई (संभल)। रिजर्व पुलिस लाइन में शुक्रवार को सीओ दीपक तिवारी की अध्यक्षता में आयोजित व्यापारिक सुरक्षा प्रकोष्ठ की बैठक में व्यापारियों ने मुख्य चौराहों व तिराहों पर ट्रैफिक रेड लाइट लगाने का मुद्दा उठाया।
व्यापारियों ने सीओ के सामने अपने-अपने क्षेत्र से जुड़ी समस्याओं को रखा। अखिल भारतीय युवा उद्योग व्यापार मंडल के युवा प्रदेश उपाध्यक्ष शाह आलम मंसूरी ने चंदौसी में टेंपो के कारण लगने वाले जाम का मुद्दा उठाया। कहा कि चंदौसी में टेंपो के कारण हर समय जाम की स्थिति रहती है। पुलिस प्रशासन ध्यान दे और समस्या का समाधान कर जाम से निजात दिलाए।
युवा जिलाध्यक्ष सागर गुप्ता ने कहा कि जाम के कारण चंदौसी में आए दिन दुर्घटनाएं होती हैं। उन्होंने कहा कि संभल तिराहा, बदायूं चुंगी, तहसील चौराहा, विश्वकर्मा तिराहा व फब्बारा चौक पर ट्रैफिक रेड लाइट लगाई जाएं। इससे ट्रैफिक भी कंट्रोल होगा और दुर्घटनाओं से भी निजात मिलेगी। बैठक में विक्रांत लाल, मोहम्मद फहीम, दीपक वार्ष्णेय व गिरीश वार्ष्णेय आदि रहे।