हयातनगर में स्थित राष्ट्रीय कन्या इंटर कालेज में अधिक फीस और रिजल्ट के नाम पर वसूली का प्रकरण एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है। जेडी और डीआईओएस के आदेश पर जांच के लिए पहुंची टीम के सामने छात्राओं ने सनसनीखेज बयान दिए हैं।
जांच करने कॉलेज पहुंचे राजकीय इंटर कालेज लहरावन के प्रधानाचार्य सीपी सिंह और भुलावई के प्रधानाचार्य विनोद कुमार शर्मा से छात्राओं ने बताया कि, सर, अधिक फीस न देने पर धूप में खड़ा कर देते थे। छात्राओं ने रिजल्ट के नाम पर 50-50 रुपये की वसूली का भी आरोप लगाया। दोनों प्रधानाचार्यों ने करीब तीन घंटे तक जांच की। इस दौरान छात्राओं के बयान लिए।
जांच अधिकारियों ने कहा कि वह अपनी आख्या डीआईओएस को सौंपेंगे। जांच के दौरान पुलिस को भी बुला लिया गया था। इधर, प्रबंधन ने आरोपों को बेबुनियाद बताया है।
राष्ट्रीय कन्या इंटर कालेज में फीस अधिक वसूल किए जाने की शिकायत 2014 से चल रही है। इस मामले में कई बार जांच हुई पर अभी तक प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।
इसलिए बार-बार शिकायत जारी है। मुरादाबाद में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने कुछ दिन पहले जेडी से मिलकर आंदोलन का अल्टीमेटम दिया था। इसके बाद उन्होंने जिला विद्यालय निरीक्षक को जांच कराने को आदेश दिए। जिला विद्यालय निरीक्षक ने जांच के लिए टीम बनाई।
इसी टीम ने सोमवार को कालेज में पहुंचकर जांच की। जांच अधिकारी सीपी सिंह ने कहा कि 40-45 छात्राओं के अलग-अलग बयान लिए हैं। छात्राओं ने अपनी बात रखी है। अब प्रबंधक का पक्ष लेंगे। प्रबंधक को तीन दिन का समय दिया गया है। उनका जवाब आने पर जांच रिपोर्ट डीआईओएस को सौंप दी जाएगी।
कालेज के प्रबंधक दिनेश चंद्र गुप्ता ने कहा कि छात्राओं के बयान सिखा पढ़ाकर दिलाए गए हैं। उनका कहना था कि इससे पहले भी जांच हुई थी। कालेज की कोई गलती नहीं मिली है लेकिन कुछ लोग बार बार शिकायत कर रहे हैं। ऐसे लोगों के बारे में प्रशासन को जांच करानी चाहिए, तभी पता लगेगा कि आखिर शिकायत क्यों की जा रही है।