चंदौसी। बुधवार को गणेश चतुर्थी से अनंत चतुर्दशी तक दस दिन मिनी वृंदावन के नाम से जानी वाली चंदौसी नगरी गणपति बप्पा की भक्ति में रंगी नजर आएगी। बुधवार को गणेश चतुर्थी पर भोर के पांच बजे से सीता रोड स्थित श्रीगणेश मंदिर पर महापूजन किया जाएगा। जो दोपहर तक चलेगा। शाम चार बजे से ढोल ताशे, ऊंट- घोड़े व बैंड बाजों व डीजे के साथ भगवान गजानन की स्वचालित झांकियों संग भव्य रथयात्रा नगर में निकाली जाएगी। इसकी लगभग सभी तैयारियां पूरी कर लगी गई हैं। रथयात्रा के संचालन में हजारों की संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे। स्वयंसेवकों ने भी झांकियों को अंतिम रूप दे दिया है।
बुधवार को चंदौसी नगरी भगवान गणेश की भक्ति में लीन नजर आएगी। भगवान गजानन की भव्य रथयात्रा शहर में निकाली जाएगी। भोर से ही गणेश भक्तों के पहुंचने का सिलसिला सीता रोड के गणेश मंदिर पर शुरू हो जाएगा। यहां श्रद्धालु पूजा अर्चना कर परिवार की खुशहाली की भगवान गजानन से प्रार्थना करेंगे। यह क्रम दोपहर दो बजे तक जारी रहेगा। इसके बाद करीब चार बजे से भगवान गजानन की विशाल रथयात्रा निकाली जाएगी। इससे में सबसे आगे ऊंट व घोड़े चलेंगे।
इस बार रथयात्रा में मुख्य आकर्षण का केंद्र सीप की बनी भगवान गणेश की झांकी होगी। इसके अलावा राम जानकी, यशोदा मइया, अहिल्याबाई होल्कर, मत्स्य अवतार, नृत्य करते गणेश जी, मां काली का विकराल स्वरूप, सिंदूर वाले गणेश जी, हंस पर विराजमान गणेश जी, हनुमान जी, महिषासुर मर्दनी, शंकर जी, रंग बिरंगी निवाड़ से बने बड़े हनुमान जी, गणेश जी आदि 14 स्वचलित झांकियां शामिल होंगी। झांकी तैयारी में हीरा लाल, अरुण कुमार, संजीव कुमार, अजय आर्य, मोहन लाल रस्तोगी, सुशील अग्रवाल, राजीव कृष्णा, विक्की चौधरी, यश अग्रवाल, जितेंद्र वार्ष्णेय, आशु रस्तोगी, हार्दिक गुप्ता, सोनू कुमार, ज्ञानेंद्र वार्ष्णेय, संजीव राणा, आशुतोष वार्ष्णेय, बॉबी अग्रवाल, राजीव कश्यप आदि कलाकार जुटे हैं।
बाहर से बुलाईं बैंड पार्टी
रथयात्रा में चार ऊंट, 12 घोड़े के अलावा इस्लामनगर का बैंड, चंदौसी बैंड, दिल्ली का पंजाब बैंड, मेरठ का सुरेश बैंड, हापुड़ का महाराष्ट्र बैंड शामिल होगा। इसके अलावा मेरठ व मुरादाबाद के ढोल व ताशा पर नृत्य करते कलाकार शामिल होंगे।
...............
इस मार्ग से निकाली जाएगी रथयात्रा
रथयात्रा गणेश मंदिर से प्रारंभ होकर सीता रोड, मनिहार चौक, बिसौली गेट, बड़ा बाजार, घंटाघर, फड़ियाई बाजार, ब्रह्म बाजार, कैथल गेट, मेला ग्राउंड रोड इंदिरा मार्ग होते देर रात गणेश मंदिर पहुंचकर संपन्न होगी।
-
कौमी एकता मंच लगाएगी दो क्विंटल बूंदी के लड्डू का भोग
सर्वधर्म संभाव के प्रतीक मेला गणेश चौथ में सभी धर्मों के लोगों का सहयोग रहता है। कौमी एकता मंच की ओर से गणेश चतुर्थी पर श्री गणेश मंदिर पर भगवान श्रीगणेश जी महाराज को पोशाक चढ़ाने के साथ ही दो क्विंटल बूंदी के लड्डू का भोग लगाया जाएगा। मंच के पदाधिकारी इश्त्याक बेग ने बताया कि गणपति बप्पा को पोशाक के साथ दो क्विंटल बूंदी के लड्डू को ठेले पर रख कर कीर्तन करते हुए विकासनगर से मुख्य मार्ग होते हुए गणेश मंदिर पहुंचेंगे। जहां विधि विधान से गणपति बप्पा को पोशाक चढ़ा कर लड्डू का भोग लगाया जाएगा और प्रसाद वितरण किया जाएगा। इसमें फिरोज आलम, शाकिर, आलम, कवि माधव मिश्रा, फईमउद्दीन आदि शामिल रहेंगे।
चंदौसी के गणेश मेले में खरीदारी करते लोग। संवाद