बहजोई(संभल)। सात साल पहले बहलाकर ले गए युवक और उसके परिजनों की प्रताड़ना से तंग आकर थाना कुढ़फतेहगढ़ थाना क्षेत्र की एक महिला बुधवार को कीटनाशक लेकर कलक्ट्रेट पहुंची और जान देने का प्रयास किया। सूचना पर पहुंची पुलिस महिला को थाने ले आई। मामला बुधवार की शाम का है। एक महिला कलक्ट्रेट पहुंची और कीटनाशक पीने लगी। आसपास के लोगों ने उसे रोका। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस पहुंची और महिला को थाने में ले आई। महिला के पास से एसपी को संबोधित एक शिकायती पत्र मिला, जिसमें बताया गया कि जिला रामपुर के थाना शाहबाद के एक गांव निवासी युवक करीब सात वर्ष पहले बहलाकर उसे अपने साथ ले आया था और शादी का झांसा देकर पत्नी की तरह अपने साथ रख रहा था। अब युवक ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप लगाया कि प्रेमी युवक के पिता मां व भाई ने उसे मारपीट कर घर से निकाल दिया गया है। आरोप है कि युवक व उसके परिवार वाले उसकी हत्या करवाना चाहते हैं।
पूरे मामले में प्रभारी इंस्पेक्टर हरीश कुमार का कहना है कि मामले को लेकर थाना कुढ़फतेहगढ़ पुलिस को सूचना दी गई है। महिला को कुढ़फतेहगढ़ पुलिस के हवाले किया जा रहा है।