चंदौसी(संभल)। बरेली जंक्शन की वाशिंग लाइन की मरम्मत और बरेली-चंदौसी रेलखंड पर मेगा ब्लॉक का असर अब यात्रियों पर भी पड़ेगा। रेलवे ने इस दौरान चंदौसी होकर संचालित होने वाली तीन ट्रेनों को तीन अगस्त तक निरस्त करने का निर्णय लिया है। ट्रेनों के संचालन पर रोक लगने से रोजाना सफर करने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
रेलवे प्रशासन की ओर से बरेली जंक्शन की वाशिंग लाइन में मरम्मत कार्य कराया जा रहा है। इसके साथ ही बरेली-चंदौसी रेलखंड पर मेगा ब्लॉक लिया गया है। इसी वजह से कई ट्रेनों के संचालन में बदलाव किया गया है। इस दौरान चंदौसी रेलवे स्टेशन होकर गुजरने वाली दिल्ली-बरेली पैसेंजर, बरेली-इंदौर एक्सप्रेस और दादर एक्सप्रेस को तीन अगस्त तक निरस्त कर दिया गया है।
इन ट्रेनों के निरस्त होने से चंदौसी, संभल और आसपास के क्षेत्रों से दिल्ली, बरेली, इंदौर और मुंबई की ओर यात्रा करने वाले यात्रियों को वैकल्पिक व्यवस्था करनी पड़ेगी। खासकर रोजाना यात्रा करने वाले यात्रियों और लंबी दूरी के सफर करने वालों की परेशानी बढ़ सकती है। बताया कि मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद ट्रेनों का संचालन फिर से सामान्य कर दिया जाएगा। यात्रियों से अपील की गई है कि स्टेशन पहुंचने से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति की जानकारी अवश्य कर लें, ताकि अनावश्यक परेशानी से बचा जा सके।
चंदौसी रेलवे स्टेशन के सीएमआई वेद प्रकाश ने बताया कि बरेली जंक्शन पर चल रहे मरम्मत कार्य के कारण तीनों ट्रेनों का संचालन तीन अगस्त तक निरस्त रहेगा। निर्धारित कार्य पूरा होने के बाद चार अगस्त से ट्रेनों का संचालन पूर्व निर्धारित समय के अनुसार सामान्य रूप से शुरू कर दिया जाएगा।