जुनावई (संभल) । भाजपा नेता गुलफाम सिंह हत्याकांड में गवाहों के परिवार के दो युवकों को मंगलवार को मेरठ-बदायूं हाईवे पर गोली मारकर घायल करने के मामले में पुलिस ने पूर्व ब्लॉक प्रमुख व दो अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ग्राम दबथरा हिमंचल निवासी रामपाल व मेढ़ोली गांव निवासी भुवनेश मंगलवार को बाइक से हुल्काबाद से लौट रहे थे। दुबारी कला व धनीपुर गांव के बीच दोनों सड़क किनारे बाइक खड़ी कर लघुशंका करने लगे। इसी दौरान कार में सवार लोगों ने उन पर फायरिंग कर दी। गोली लगने से दोनों घायल हो गए। मामले में घायल रामपाल के चाचा प्रेमपाल की ओर से थाने में दी गई तहरीर में कहा गया है कि दबथरा हिमंचल गांव के रहने वाले भाजपा नेता गुलफाम सिंह यादव की 10 मार्च 2025 को पेट में जहरीला इंजेक्शन घोंपकर हत्या कर दी गई थी। उस समय मृतक गुलफाम सिंह के पुत्र दिव्य प्रकाश की तहरीर पर मौजूदा ब्लाक प्रमुख रवि यादव, प्रधान महेश यादव सहित अन्य लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी।
इस मुकदमे में गांव के ही रहने वाले रामपाल के चाचा व ताऊ और मेढ़ोली निवासी भुवनेश के बाबा बाबूराम सहित कई लोग गवाह हैं। इसी को लेकर रवि यादव रंजिश मानता है। आरोप है कि इसी रंजिश के तहत गवाहों पर दबाव बनाने के लिए उनके परिवार के लोगों पर मंगलवार की सुबह 10:15 बजे कार में सवार होकर आए पूर्व ब्लाॅक प्रमुख रवि यादव व अन्य दो अज्ञात लोगों ने मिलकर भुवनेश एवं रामपाल को गोली मारकर कर घायल कर दिया।
थाना प्रभारी धीरज सिंह ने बताया घायल रामपाल के चाचा प्रेमपाल की तहरीर के आधार पर पूर्व ब्लॉक प्रमुख रवि तथा दो अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।