जुनावई। थाना क्षेत्र के असदपुर गंगा घाट पर उस समय हड़कंप मच गया जब पशु चराने गए तीन बालक गंगा नदी के गहरे पानी में बह गए। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने दो को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि एक लापता है। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जानकारी ली और गोताखोरोंं को बुला कर तलाश शुरू कराई लेकिन देर शाम तक लापता बालक का सुराग नहीं लग सका।
थाना क्षेत्र के गांव असदपुर निवासी सुमित कुमार (10) पुत्र दिनेश कुमार तथा देबू (11) पुत्र वीरपाल और विकास (12) पुत्र वीरेश मंगलवार की दोपहर असदपुर गंगा घाट पर पशु चराने के लिए गए थे। तभी पशु गंगा नदी के उस पार पहुंच गए। जिन्हें लाने के लिए तीनों बालक गंगा में उतर गए। तीनों बालक पशुओं को ला रहे थे। पानी का तेज बहाव होने के कारण तीनों गंगा में बह गए। मौके पर मौजूद स्थानीय ग्रामीणों ने गंगा में छलांग लगा कर देबू और विकास को सकुशल बाहर निकाल लिया। जबकि तेज बहाव के कारण सुमित कुमार गंगा नदी में बह गया। वहीं सुमित के गंगा में लापता होने की खबर जब घर पहुंची तो परिवार में चीख पुकार मच गई। रोते बिलखते परिजन गंगा घाट पर पहुंचे। सूचना पर पहुंचीं पुलिस ने गोताखोरों की मदद से सर्च अभियान शुरू कराया, लेकिन देर शाम तक गंगा में लापता सुमित का सुराग नहीं लग सका। मां पुष्पा देवी, भाई स्वांत व बहन राधा का रो-रोकर बुरा हाल है।
थाना प्रभारी धीरज सिंह ने बताया स्थानीय गोताखोरों की मदद से लापता किशोर सुमित की तलाश की जा रही है। गंगा का बहाव तेज है और गहराई भी ज्यादा है।