संभल। शासन ने संभल जिले में वर्ष 2025 में चिह्नित किए गए तीन ब्लैक स्पॉट पर सुधारात्मक कार्य के लिए लगभग सात करोड़ रुपये के बजट को मंजूरी दी है। इन ब्लैक स्पॉट पर जल्द ही कार्य शुरू कराए जाने हैं। ब्लैक स्पॉट पर सुधारात्मक कार्य होने से हादसों में कमी जाएगी और लोगों को आवागमन में सहूलियत भी मिलेगी। एक्सईएन पीडब्ल्यूडी का कहना है कि ब्लैक स्पॉट पर कार्य कराने के लिए टेंडर की प्रक्रिया शुरू कर दी है।पीडब्ल्यूडी ने वर्ष 2025 में चिह्नित किए गए ब्लैक स्पॉट पर सुधारात्मक कार्य कराए जाने को लेकर प्रस्ताव शासन को भेजा था। सड़क हादसों को लेकर ब्लैक स्पॉट चिह्नित किए गए थे। मंशा है कि इन ब्लैक स्पॉट पर सुधारात्मक कार्य कराते हुए हादसों में कमी लाई जा सके। शासन को भेजे गए प्रस्ताव में शामिल तीनों ब्लैक स्पॉट पर सुधारात्मक कार्य कराने के लिए बजट को मंजूरी मिल गई है।
इनमें बदायूं-बिजनौर मार्ग पर गांव सिंहपुरसानी में स्थित ब्लैक स्पॉट पर अल्पकालिक एवं दीर्घकालिक सुधार कार्य कराए जाएंगे। इसमें 167.87 लाख रुपये खर्च होंगे। इसी मार्ग पर गांव खग्गूपुरा में स्थित ब्लैक स्पॉट पर 243.34 लाख रुपये से कार्य होंगे। वहीं चंदौसी क्षेत्र के अंतर्गत डीआर रिसोर्ट पर अल्पकालिक एवं दीर्घकालिक सुधार के कार्य कराए जाएंगे। यहां सुधारात्मक कार्य में 243.93 लाख रुपये का व्यय होगा।
पीडब्ल्यूडी के एक्सईएन सुनील प्रकाश का कहना है कि तीनों ब्लैक स्पॉट पर करीब सात करोड़ रुपये से काम कराया जाएगा।
000000000000
जरूरत पर पीछे हटेंगे खंभे, काटे जाएंगे पेड़
पीडब्ल्यूडी ने ब्लैक स्पॉट पर सुधारात्मक कार्य कराए जाने के लिए कार्ययोजना तैयार कर ली है। मोड़ वाले स्थानों पर सड़कों को चौड़ा किया जाएगा। दोनों तरफ डेढ़-डेढ़ मीटर सड़क चौड़ी होगी। संकेतांक लगवाए जाएंगे ताकि मार्ग से गुजरने वाले लोगों को सहूलियत मिले। जरूरत होगी तो बिजली के खंभे पीछे हटवाए जाएंगे और पेड़ों को कटवाने का काम भी होगा।
000000000000
सुधारात्मक कार्य होने से थमेंगे हादसे
जिन स्थानों को ब्लैक स्पॉट माना गया है, उनपर सड़क हादसे होते रहते हैं। इसलिए पीडब्ल्यूडी ने उन स्थानों को ब्लैक स्पॉट के रूप में चिह्नित करते हुए शासन को प्रस्ताव भेजा था। अब ब्लैक स्पॉट पर सुधारात्मक कार्य की तैयारी की गई है। कार्यों के होने पर ब्लैक स्पॉट पर हादसों में कमी आएगी। लोगों को आवागमन में भी सहूलियत मिलेगी।
000000000000
.तीन ब्लैक स्पॉट पर करीब सात करोड़ रुपये से सुधारात्मक कार्य किए जाने हैं। शासन से बजट को मंजूरी मिल चुकी है। अब टेंडर प्रक्रिया चल रही है। डेढ़ महीने में सुधारात्मक कार्य शुरू हो जाने की उम्मीद है।
-सुनील प्रकाश, एक्सईएन पीडब्ल्यूडी संभल