संभल। नगर के मोहल्ला आलम सराय स्थित एक रिसोर्ट में आजादी का अमृत महोत्सव के तहत स्वतंत्रता सेनानियों व शहीदों की याद में कवि सम्मेलन का कार्यक्रम हुआ। कवि सम्मेलन में अतिथियों ने मां शारदा व भारत माता के चित्र के सम्मुख दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
अशोक कृष्णम ने अपनी कविता भारत माता की रखी वीरों ने ही लाज, प्राण न्यौछावर कर दिए मातृभूमि के काज सुनाई। अतुल कुमार शर्मा ने कहा कि कुछ आरक्षण का ले रहे मजा, कुछ इसके सताए बैठे हैं, कुछ तरस रहे दो रोटी को, कुछ दौलत अकूत समेटे हैं।
उज्जवल वशिष्ठ ने कहा कि नहीं चलेंगे-नहीं चलेंगे देश विरोधी नारे, हम सारे वासी हैं इस गंगा के धारे। अखिलेश ठाकुर ने कहा कि अवध में इतिहास रच देने वालों, चलो ब्रज धाम घनश्याम ने बुलाया है। प्रदीप कुमार दीप व बृजेश शर्मा ने भी कविताएं सुनाईं। अतुल ने स्वतंत्रता संग्राम नारियों के योगदान व शहीदों के साहस और बलिदान के बारे में बताया। इसमें स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिवार के सदस्यों को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान आशुतोष, राहुल, दिनेश कुमार, भाजपा पश्चिमी यूपी के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष राजेश सिंघल, अजीत, अमित, अंकुर आदि रहे।