सरायतरीन। गांव रफीपुर में किसान की पशुशाला की दीवार तोड़कर चोर तीन पशुओं को चोरी कर ले गए। पशुशाला पहुंचे किसान को इसकी जानकारी हुई तो होश उड़ गए। शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण व परिजन आ गए। आसपास के खेतों में पशुओं की तलाश की लेकिन कोई पता नहीं चला। पीड़ित किसान ने यूपी112 पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की है। कार्रवाई के लिए थाने में तहरीर दी गई है।
शनिवार को किसान भूरे सिंह यादव ने बताया कि शुक्रवार की रात पशुओं को पशुशाला में चारा डालने के बाद वह सरसों की फसल की सिंचाई करने के लिए खेत पर चले गए थे। रात को करीब 12 बजे लौटे तो पशु पशुशाला में बंधे हुए थे। शनिवार की सुबह करीब चार बजे जब पशुशाला चारा डालने के लिए पहुंचे तो तीन भैंसें नहीं थीं। पशुशाला की दीवार भी टूटी हुई पड़ी थी। पीड़ित ने बहजोई थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
साथ ही तीन पशुओं के चोरी होने पर करीब दो लाख रुपये का नुकसान बताया है। बहजोई थाने के इंस्पेक्टर विकास सक्सेना ने बताया कि पशु चोरी की जानकारी मुझे नहीं है और किसी ने कोई तहरीर भी नहीं दी है। तहरीर मिलती है तो कार्रवाई की जाएगी।