संभल। हयातनगर थाना क्षेत्र के गांव सैंजना में सोमवार की रात्रि चोरों ने एक दो नहीं बल्कि आधा दर्जन से अधिक घरों को खंगाला। हालांकि चोरों को माल एक ही घर ज्यादा मिल पाया। करीब सात लाख रुपये का सामान चोरों ने एक घर से चुराया और भाग गए। चोरी की घटना के दौरान महिला जागी तो उसे तमंचा दिखाकर चुप करा दिया। जिसके बाद चोरों ने एक-एक करके सात घरों को खंगाला। घटनाओं की सूचना पुलिस को दी गई लेकिन पुलिस त्वरित कार्रवाई करने के बजाय पांच घंटे बाद गांव पहुंची और चोरी की जानकारी हासिल करके लौट आई।
हयातनगर थाना क्षेत्र के गांव सैंजना में सोमवार की रात्रि चोर सबसे पहले सुलेराम के घर में मुख्य दरवाजे से अंदर दाखिल हो गए। कमरे में रखे सामान को खंगाला लेकिन कुछ न मिला तो चोर सुलेराम की पत्नी की चारपाई से मोबाइल फोन ही चोरी करके ले गए। इसी के सामने मोती के घर में चोर घुस गए। जाग हुई तो भाग निकले। इसके बाद जगदीश के घर में चोर दीवार फांदकर दाखिल हो गए। सामान खंगाला लेकिन कुछ न मिला तो घर से निकल गए। फिर चोरों ने सर्वेश देवी के घर को निशाना बनाया। आहट होने पर सर्वेश देवी की आंख खुल गई। जिस पर चोरों ने उसे तमंचा दिखाकर चुप रहने की हिदायत देते हुए निकल लिए। इसके बाद चोरों ने शकील के घर को निशाना बनाया। कमरे में घुसकर सामान को खंगाला। स्लैब पर रखे संदूक और अटैची को लेकर बाहर निकल आए। पास ही खाली मैदान में इसे खोलकर देखा। पीड़ित के मुताबिक चोरों ने संदूक से 5000 रुपये, एक सोने का हार, दो चूड़ी, झाले, झुमकी, टीका, अंगूठी, पेंडल और चांदी की पायल, दस्तबंद, नेकलेस आदि सामान चोरी करके ले गए। इनकी कीमत करीब पौने सात लाख रुपये है। सबसे बाद में चोरों ने चंद्रपाल के घर दस्तक दी लेकिन यहां कुछ नहीं मिला। करीब एक बजे से गांव में घुसे चोरों ने तड़के में पौने तीन बजे तक चोरी की वारदातों को अंजाम दिया। पुलिस को सूचना दी गई। लेकिन पुलिस पांच घंटे बाद गांव पहुंची और जानकारी करके लौट आई।
---------------------
इनसेट
पांच माह पहले हुई चोरियों की पुलिस ने दर्ज नहीं की अब तक रिपोर्ट
संभल। सैंजना गांव में करीब पांच माह पहले एक दो नहीं बल्कि एक दर्जन घरों में चोरी की वारदातों को चोरों ने अंजाम दिया था। चार के घरों में से चोरों ने करीब पांच लाख रुपये की चोरी की थी। गांव के ही निजाउद्दीन ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की थी लेकिन पुलिस ने आज तक रिपोर्ट दर्ज नहीं की। जिससे चोरों के हौंसले बुलंद हैं।
--------
कोट
चोरी के मामले में कोई ढिलाई नहीं बरती जाएगी। तहरीर के आधार पर संबंधित की रिपोर्ट दर्ज होगी। जिसके बाद पुलिस अगली कार्रवाई करेगी।
जितेंद्र सिंह, पुलिस क्षेत्राधिकारी, संभल।