चंदौसी। कक्षा आठ के बाद पढ़ाई छोड़ चुके विद्यार्थियों का पता लगाने के लिए माध्यमिक शिक्षा परिषद सर्वेक्षण कराएगा। ऐसे बच्चों को मुख्य धारा से जोड़ने के लिए उनका प्रवेश विभाग अगली यानी नौंवी कक्षा में कराएगा। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि शासन की मंशा है कि हर बच्चा शिक्षित बने।
बेसिक शिक्षा विभाग के शिक्षक ऐसे बच्चों का सर्वे कर रहे हैं, जो बीच में अपनी पढ़ाई छोड़ चुके हैं। अब माध्यमिक शिक्षा विभाग की ओर से भी कक्षा आठवीं के बाद पढ़ाई छोड़ चुके बच्चों का सर्वेक्षण कराया जा रहा है। माध्यमिक शिक्षा विभाग के शिक्षक सर्वेक्षण के तहत कक्षा आठवीं के बाद पढ़ाई छोड़ने वाले बच्चों के अभिभावकों से संपर्क कर पढ़ाई छोड़ने का कारण जानेंगे।
अगर ऐसे विद्यार्थियों ने कक्षा आठ उत्तीर्ण करने के बाद कक्षा नौवीं में किसी विद्यालय में प्रवेश लिया है, तो इसकी सूची तैयार की जाएगी। अगर प्रवेश नहीं लिया है, तो ऐसे बच्चों का प्रवेश कक्षा नौंवी में कराने का प्रयास किया जाएगा। इसके लिए बीएसए उच्च प्राथमिक और कस्तूरबा गांधी विद्यालयों से आठवीं उत्तीर्ण करने वाले विद्यार्थियों की सूची डीआईओएस से साझा करेंगे।
डीआईओएस श्यामा कुमार ने बताया कि कक्षा आठवीं के बाद पढ़ाई छोड़ चुके बच्चों का दाखिला का नौंवीं कक्षा में करवाया जाएगा। इसके लिए बीएसए से कक्षा आठवीं पास कर चुके बच्चों की सूची मांगी जाएगी।