संभल। शहर में जुमे की नमाज के दौरान एहतियाती तौर पर सुरक्षा व्यवस्था चाकचौबंद दिखाई दी। सुबह से अधिकारियों ने मार्च किया और आम लोगों से संवाद कर शांति बनाए रखने की अपील की। दोपहर में डीएम डॉ. राजेंद्र पैंसिया और एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई भी पहुंचे। जामा मस्जिद के नजदीक पुलिस के साथ आरआरएफ और पीएसी के जवान लगाए गए। एएसपी श्रीश्चंद्र और सीओ अनुज चौधरी ने भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था को देखा। सत्यव्रत पुलिस चौकी से भी निगरानी कराई। इसके अलावा जुमे की नमाज के समय ड्रोन से निगरानी की गई। शांतिपूर्ण तरीके से नमाज अदा होने के बाद फोर्स को कम किया गया। मालूम हो 24 नवंबर को जामा मस्जिद सर्वे के दौरान हुए बवाल के बाद से शहर में सुरक्षा व्यवस्था जुमे की नमाज के लिए चाकचौबंद की जाती है। एसपी कृष्ण कुमार विश्नेाई ने बताया कि एहतियाती तौर पर सुरक्षा रहती है।
विज्ञापन
हड़ताल पर रहे अधिवक्ता, सोमवार को आगे की रणनीति तय होगी
- जामा मस्जिद कमेटी के सदर जफर अली एडवोकेट की गिरफ्तारी के विरोध में अधिवक्ता हड़ताल पर चल रहे हैं। शुक्रवार को भी हड़ताल जारी रही। शनिवार और रविवार को अवकाश रहेगा। जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष मोहम्मद इस्लाम एडवोकेट ने बताया कि सोमवार को एसोसिएशन द्वारा बैठक की जाएगी। जिसमें आगे की रणनीति तैयार की जाएगी। कहा कि जफर अली एडवोकेट के खिलाफ कार्रवाई गलत की गई है। इसके चलते ही सभी अधिवक्ता विरोध कर रहे हैं।